चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट चित्तौड़गढ़ जिले के बिलियाँ गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने घर का गेट खोला तो ठीक सामने एक खतरनाक सांप बैठा हुआ दिखाई दिया। अचानक सामने आए इस दृश्य से महिला घबरा गई, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाइल्डलाइफ एवं पर्यावरण संरक्षण समिति को सूचना दी।
सूचना मिलते ही समिति के सदस्य मुबारिक खान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह कोबरा प्रजाति का सांप है, जो बेहद जहरीला होता है और इसके काटने से इंसान की जान भी जा सकती है।
रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी के साथ ऑपरेशन चलाते हुए सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान महिला को सांप ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
मौके पर मौजूद लोगों को सांपों के बारे में जागरूक करते हुए बताया गया कि यदि किसी को सांप काट ले, तो घबराने की बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल जाना चाहिए, जहां एंटी-वेनम उपलब्ध होता है और समय पर इलाज से जान बचाई जा सकती है।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया, लेकिन रेस्क्यू टीम की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने टीम के कार्य की सराहना की और वन्यजीवों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





