सुपर हॉट सीट सुशीला आक्या बनाम कैलाश कँवर।

SHARE:

चितौडगढ से नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट
सुपर हॉट सीट सुशीला आक्या बनाम कैलाश कँवर।
*जिला परिषद वार्ड 16 जहाँ प्रतिष्ठा, वजूद और शह-मात की जंग में दांव पर लगी है साख !*

चित्तौड़गढ़ की राजनीति में इस वक्त वार्ड नंबर 16 सिर्फ एक चुनावी मैदान नहीं, बल्कि जिले का सबसे बड़ा और खतरनाक ‘राजनीतिक कुरुक्षेत्र’ बन चुका है! 9 ग्राम पंचायतों में फैले इस रणक्षेत्र में चल रहे शह और मात के खेल ने दोनों राजनीतिक ध्रुवों की नींद उड़ा दी है। यह मुकाबला महज दो चेहरों की टक्कर नहीं है, बल्कि ‘सियासत के चाणक्य’ के तजुर्बे बनाम ‘खानदानी रसूख और विरासत’ की आर-पार की जंग है। एक तरफ मैदान में हैं निर्दलीय विधायक और दो बार के पूर्व भाजपा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की धर्मपत्नी पूर्व भदेसर प्रधान सुशीला कँवर आक्या, जिन्हें सुरक्षित गृहक्षेत्र (वार्ड 21) से निकालकर सीधे इस सियासी चक्रव्यूह में उतार दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ, पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के करीबी रिश्तेदार और आकोलगढ़ घराने की कैलाश कँवर सोलंकी हैं, जो अपने खानदानी रसूख और कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ की ताकत के साथ मैदान फतह करने उतरी हैं। भले ही यह वार्ड भदेसर पंचायत समिति में आता हो, लेकिन इसका बड़ा हिस्सा बड़ी सादड़ी विधानसभा का हिस्सा है जहाँ विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने गहरी सेंध लगाकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया था। ऐसे में एक तरफ जहाँ आक्या अपनी सिग्नेचर स्टाइल ‘आंतरिक घुसपैठ और भजन-भोजन’ की मारक रणनीति से इस दुर्ग को भेदने की फिराक में हैं,वहीं दूसरी तरफ जातिगत समीकरण, भाजपा के कोर वोटर्स में टूट और धनबल-बाहुबल की सुगबुगाहट ने इस मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया है। क्या राजनीति के मंजे हुए खिलाड़ी चंद्रभान सिंह आक्या अपनी रणनीति से इस बार भी बाजी मार ले जाएंगे, या आकोलगढ़ परिवार अपनी विरासत और कांग्रेस के वर्चस्व का परचम लहराएगा? वार्ड 16 का यह फैसला आने वाले दिनों में चित्तौड़गढ़ की राजनीति का नया और हैरान करने वाला इतिहास लिखेगा !
*आकोलगढ़ परिवार का रसूख बनाम भाजपा का कोर वोट बैंक !*
पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के नजदीकी रिश्तेदार और क्षेत्र में गहरी पैठ रखने वाले आकोलगढ़ परिवार का कांग्रेस से पुराना और मजबूत वैचारिक नाता रहा है। कांग्रेस ने इस नामचीन परिवार से कैलाश कँवर को मैदान में उतारकर इस चुनाव को सीधे ‘कांटे की टक्कर’ में बदल दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा के परंपरागत और कोर वोट बैंक में सेंधमारी, भीतरघात और स्थानीय जातिगत समीकरण इस बार चित्तौड़गढ़ की राजनीति के कई पुराने समीकरणों को उलट-पुलट कर रख सकते हैं।
*कार्यालय उद्घाटन में दिग्गजों का जमावड़ा,सीट की अहमियत का सबूत !*
इस सीट की गर्माहट और राजनीतिक वजन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में हुए कार्यालय के उद्घाटन में प्रदेश के मंत्री, सांसद, जिलाध्यक्ष से लेकर संगठन के तमाम दिग्गज और बड़े जनप्रतिनिधियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। दिग्गजों का यह शक्ति प्रदर्शन साफ बता रहा है कि कोई भी दल इस वार्ड को हल्के में लेने की भूल नहीं कर सकता ।
*मुद्दा आपका, प्रत्याशी आपका और जुबान भी आपकी !*
जिला परिषद से लेकर हर पंचायत के कुरुक्षेत्र की पल-पल की बेबाक और सटीक रिपोर्ट अब सीधे आप तक पहुँचेगी। किसमें कितना दम है ? कौन किस पर भारी पड़ेगा ? किसकी राजनीति हमेशा के लिए खत्म होगी ? और किस पार्टी का प्रत्याशी कमजोर साबित हो रहा है ? इसका असली आईना अब जनता के सामने होगा । मुद्दा आपका, प्रत्याशी आपका और जुबान भी आपकी ! धरातल की हर एक सुगबुगाहट, भीतरघात और जीत-हार के असली गणित को जानने के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ… बहुत जल्द हमारी टीम पहुँच रही है आपकी अपनी ग्राम पंचायत में !

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment