महान सम्राट अशोक मौर्य के आदर्श आज भी प्रासंगिक- सत्यनारायण मौर्य
अयोध्या में धूमधाम से मनाया गया भारत के महान सम्राट अशोक मौर्य का जन्मदिवस
मौर्य समाज ने देवकाली में मनाई अशोक महान की जयंती अयोध्या में गूंजे एकता , मानवता और शांति के संदेश
पूरी दुनिया में अहिंसा और मानवता के प्रतीक अशोक महान को अयोध्या में दी गई श्रद्धांजलि
अयोध्याधाम बड़ी देवकाली स्थित पार्वती मैरिज लॉन में मौर्य समाज द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में महान सम्राट अशोक मौर्य का जन्मदिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर.डी. मौर्य ने की, जबकि संचालन विनीत मौर्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर धम्म सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा एवं सम्मान अर्पित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज के वक्ताओं ने सम्राट अशोक के जीवन, उनके आदर्शों, नीतियों एवं धम्म के प्रचार-प्रसार पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि सम्राट अशोक केवल एक महान विजेता ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने अपने जीवन में अहिंसा, करुणा और मानवता के मूल्यों को अपनाकर पूरे विश्व को एक नई दिशा दी। इस अवसर पर प्रमुख वक्ता सत्यनारायण मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि “सम्राट अशोक महान भारतीय इतिहास के ऐसे अद्वितीय शासक थे, जिन्होंने युद्ध की विभीषिका को समझने के बाद हिंसा का मार्ग त्यागकर धम्म और शांति का मार्ग अपनाया। उन्होंने समाज में समानता, भाईचारा और नैतिक मूल्यों को स्थापित करने का कार्य किया। आज के समय में उनके आदर्श और भी प्रासंगिक हो जाते हैं, जब समाज को एकता, सहिष्णुता और नैतिकता की आवश्यकता है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान समाज के अन्य वक्ताओं ने भी सम्राट अशोक के योगदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सत्यनारायण मौर्य, पूनम कुमारी, शकुन्तला मौर्य, प्रमोद मौर्य, जोखू मौर्य, राम उजागिर मौर्य, राम जग मौर्य सहित मौर्य समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द एवं समाज की एकजुटता के संदेश के साथ हुआ।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





