ठाकुर जानकी जीवन के 18वें प्राकटोत्सव पर दर्शन भवन में सजा छप्पन भोग।
अयोध्या।
दर्शन भवन जानकीघाट में ठाकुर जानकी जीवन जी का 18वां प्राकटोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन भवन में उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।महोत्सव के अंतर्गत ठाकुर जानकी जीवन जी को विधि-विधान से छप्पन भोग अर्पित किया गया। विभिन्न प्रकार के मिष्ठान्न, फल, पकवान और पारंपरिक व्यंजन भोग में शामिल किए गए। सुसज्जित मंदिर परिसर में आकर्षक फूलों की सजावट की गई थी, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भोग अर्पण के पश्चात आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ।संत-महात्माओं द्वारा जेवनार गायन भी किया गया, जिसने कार्यक्रम को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। उपस्थित श्रद्धालु भक्ति संगीत में सराबोर होकर ठाकुर जी के चरणों में नतमस्तक हुए।कार्यक्रम में मंदिर की महंत डॉक्टर ममता शास्त्री, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार मिश्रा, विजय कुमार राघव कुमार, सुखदेव दास सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। अतिथियों ने ठाकुर जानकी जीवन जी के दिव्य स्वरूप की आराधना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।समारोह के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्राकटोत्सव महोत्सव ने श्रद्धालुओं के हृदय में नई ऊर्जा और आस्था का संचार किया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





