84 व 14 कोसी परिक्रमा मार्ग परियोजनाओं की प्रगति तेज करने के निर्देश।

SHARE:

84 व 14 कोसी परिक्रमा मार्ग परियोजनाओं की प्रगति तेज करने के निर्देश।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक।

अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में 84 कोसी एवं 14 कोसी परिक्रमा मार्ग तथा उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अयोध्या में प्रचलित एनएच-227बी (84 कोसी परिक्रमा मार्ग), अयोध्या बाईपास (रिंग रोड), उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद तथा 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं में प्रभावित भूमि का अभिनिर्णय घोषित कर प्रभावित भूस्वामियों को यथाशीघ्र भूमि का प्रतिकर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए तथा स्थलों पर भौतिक प्रगति में तेजी लाई जाए। उन्होंने मिल्कीपुर क्षेत्र में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के फेज-2 एवं फेज-3 के संबंध में अधिशासी अभियंता एवं लेखपाल को स्वयं मौके पर जाकर सत्यापन करने के निर्देश दिए, जिससे भुगतान की कार्यवाही शीघ्र पूरी की जा सके।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि तहसील सदर क्षेत्र के भिटौरा, समदा एवं बंधनपुर गांवों में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग से संबंधित कार्यवाही धीमी गति से चल रही है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सोहावल एवं बीकापुर तहसीलों में भी 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के अंतर्गत सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबंधित उप जिलाधिकारियों को दिए गए।बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) कौशल कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह सहित सभी संबंधित उप जिलाधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment