श्री रामहर्षण आदि मैथिल सख्यपीठ में तीन दिवसीय महोत्सव का श्रद्धा व उल्लास के साथ हुआ समापन।

SHARE:

श्री रामहर्षण आदि मैथिल सख्यपीठ में तीन दिवसीय महोत्सव का श्रद्धा व उल्लास के साथ हुआ समापन।

अयोध्या धाम l अयोध्या के मीरापुर स्थित श्री रामहर्षण आदि मैथिल सख्यपीठ में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का समापन बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। इस पावन अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं, शिष्यों तथा संत-महंतों ने सहभागिता की। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में भगवान श्री सीताराम जी के साथ माता जानकी के बड़े भ्राता लक्ष्मीनिधि एवं उनकी धर्मपत्नी सिद्धिकुंवरी की श्री रामहर्षण आदि मैथिल सख्यपीठ में विधिविधान से प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। इसी क्रम में 10 जनवरी को पंचम पाटोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिष्यगण उपस्थित रहे। 11 जनवरी को श्री सीताराम विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया। विधि-विधान के साथ ठाकुर जी का वैवाहिक उत्सव संपन्न हुआ। इस अवसर पर विवाहोत्सव के दर्शन व सहभागिता के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 12 जनवरी को मैथिल सख्यपीठ के संस्थापक, मानस केसरी सम्मान से विभूषित एवं माता जानकी को अपनी छोटी बहन मानने वाले आचार्य अवधकिशोर दास महाराज का 97वां जन्मोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का संयोजन वर्तमान पीठाधीश्वर महंत कमलेश्वर दास महाराज के नेतृत्व में संपन्न हुआ। महंत कमलेश्वर दास महाराज ने बताया कि गुरुदेव बचपन से ही श्री रामहर्षण सरकार के प्रति गहरी श्रद्धा रखते थे और भगवान की प्रेरणा से ही अयोध्या धाम में आश्रम की स्थापना हुई। उनके आशीर्वाद से आश्रम में निरंतर धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्य संचालित हो रहे हैं। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए शिष्य, संत-महंतों ने सहभागिता की। समापन अवसर पर संतों एवं अतिथियों को प्रसाद वितरित कर सम्मानित किया गया। अंत में महंत कमलेश्वर दास महाराज ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment