पूज्य गुरुदेव जंगलिया बाबा के 33 वें साकेत गमनोत्सव पर भव्य आयोजन।
सिद्धपीठ रामधाम विद्याकुंड में पंचदिवसीय श्रीराम कथा व महायज्ञ का हुआ सफल समापन
अयोध्या।
श्रीधाम अयोध्या स्थित सिद्धपीठ रामधाम विद्याकुंड में पूज्य गुरुदेव जंगलिया बाबा के 33 वें साकेत गमनोत्सव के अवसर पर आयोजित पंचदिवसीय श्री सीताराम महायज्ञ एवं श्रीराम कथा महोत्सव का भव्य समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।इस धार्मिक अनुष्ठान का संचालन दासानुदास महामंडलेश्वर महंत प्रेमशंकर दास महाराज के सानिध्य में हुआ। पांच दिनों तक चले कथा और यज्ञ में अयोध्या के सैकड़ों श्रद्धालुओं, संतों और भक्तों ने भाग लेकर रामनाम की गूंज से संपूर्ण धाम को भक्तिमय कर दिया।
उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
महोत्सव के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें अयोध्या के प्रतिष्ठित संत-महंतों, गृहस्थ भक्तों और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने भोजन-प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को कृतार्थ किया। संतों की उपस्थिति से सिद्धपीठ का वातावरण दिव्य और अलौकिक हो उठा
संत-समागम एवं सम्मान समारोह
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष संत-समागम और सम्मान समारोह में अयोध्या के प्रमुख साधु-संतों का स्वागत-सत्कार किया गया। उन्हें अंगवस्त्र और दक्षिणा भेंट कर सम्मानित किया गया।
महामंडलेश्वर महंत प्रेमशंकर दास महाराज ने सभी संतों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, गुरुदेव जंगलिया बाबा का आशीर्वाद और उनकी प्रेरणा ही इस सफल आयोजन का आधार है। यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अयोध्या की संत परंपरा और एकता का प्रतीक है।
धार्मिक और सामाजिक समरसता का प्रतीक
पांच दिवसीय यह श्रीराम कथा और महायज्ञ न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना, बल्कि धर्म, सेवा और समरसता का संदेश भी दे गया। श्रद्धालुओं ने इसे जंगलिया बाबा की सेवा परंपरा और लोककल्याण के संकल्प का जीवंत रूप बताया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





