पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण
श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, स्वच्छता व सुरक्षा पर विशेष जोर
अयोध्या ।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। आगामी पंचकोसी परिक्रमा के मद्देनज़र मण्डलायुक्त राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार को कच्चा घाट से लेकर मानस भवन तक परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पर पानी भरा हुआ है, वहां राविस डालकर मार्ग को समतल किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पैदल चलने में कोई दिक्कत न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि स्नानघर और शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था हर प्रमुख स्थल पर सुनिश्चित की जाए।
लाइटिंग और बैरिकेटिंग की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
मण्डलायुक्त ने मानस भवन के पास राविस डालने और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त लाइटिंग और हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं, जिससे रात्रिकालीन समय में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
आशिफबाग क्रॉसिंग के पास बैरिकेटिंग, हाईलोजन और बैरियर लगाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि क्रॉसिंग पार करते समय श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि रखी जाए। जहां-जहां नालों की सरिया खुली दिख रही है, वहां तत्काल बैरिकेटिंग और पर्दे लगाने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी कैमरों से होगी सम्पूर्ण मार्ग की निगरानी
अधिकारी दल ने बड़ीबुआ क्रॉसिंग और ओवरब्रिज के नीचे व ऊपर जाने वाली सीढ़ियों का भी निरीक्षण किया। यहां पूरी तरह से बैरिकेटिंग करने के निर्देश देते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण पंचकोसी परिक्रमा मार्ग की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
श्रद्धालुओं को नहीं होनी चाहिए कोई असुविधा- मण्डलायुक्त
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि परिक्रमा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सफाई व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाए और आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध हों।इस दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर, पुलिस अधीक्षक नगर, सीओ सिटी, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-4 सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





