बुखार पीड़ित बच्चे को भर्ती न करने पर ट्रामा सेंटर के तीन चिकित्सक निलंबित
मेडिकल कॉलेज प्रशासन सख्त, जांच कमेटी गठित कर 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट।
संजय यादव,अयोध्या।
दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां तेज बुखार से पीड़ित एक बच्चे को भर्ती न करने के मामले में तीन चिकित्सकों को निलंबित कर दिया गया है।घटना को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने तीनों चिकित्सकों को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया है। साथ ही, मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जिसे 24 घंटे में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामला हैरिंग्टनगंज क्षेत्र के मोहम्मद मुनीर का है, जो अपने तेज़ बुखार से पीड़ित बच्चे को सीएचसी हैरिंग्टनगंज लेकर पहुंचे थे। वहां से हालत गंभीर बताकर बच्चे को मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया गया।
आरोप है कि जब मुनीर अपने बच्चे को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, तो चिकित्सकों ने बेड न होने का हवाला देते हुए भर्ती करने से मना कर दिया। मजबूरी में परिजनों ने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।इस घटना से क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
घटना ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है। बुखार के मौसम में बढ़ती मरीजों की संख्या के बावजूद ट्रामा सेंटर में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होना, गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
परिजनों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। अब देखना यह है कि जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे क्या कार्रवाई होती है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





