किसानों पर पुलिस का लाठीचार्ज, खाद वितरण केंद्र पर मचा हड़कंप
खंडासा के कुरावन सहकारी किसान केंद्र पर हालात बेकाबू, कई किसान घायल
अयोध्या।जिले में यूरिया खाद की भारी किल्लत के बीच खंडासा थाना क्षेत्र के कुरावन सहकारी किसान केंद्र पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खाद की मांग कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 6:00 बजे से ही सैकड़ों किसान लाइन में खड़े होकर यूरिया के लिए इंतजार कर रहे थे। केंद्र पर खाद की उपलब्धता कम और भीड़ अत्यधिक होने के कारण किसानों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।स्थिति को काबू में करने के लिए मौके पर पहुँची खंडासा पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। कई किसान लाठियां लगने से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।प्रशासनिक लापरवाही और खाद वितरण प्रणाली में गड़बड़ी को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। किसान नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि खुद की विफलता छिपाने के लिए प्रशासन किसानों पर बल प्रयोग कर रहा है।
जनपद में इन दिनों यूरिया की भारी किल्लत चल रही है। सहकारी किसान केंद्रों पर रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल रही। इससे किसान परेशान और गुस्से में हैं।इस घटना ने खाद वितरण व्यवस्था की पोल खोल दी है। किसानों का कहना है कि जब केंद्रों पर पर्याप्त यूरिया नहीं है, तो क्यों उन्हें सुबह से लाइन में खड़ा किया जाता है।स्थानीय प्रशासन और कृषि विभाग अब तक इस संकट का स्थायी समाधान नहीं निकाल पाए हैं।किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही खाद की समुचित व्यवस्था नहीं की गई और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





