जिला जेल से दो बंदी फरार, सुरक्षा में बड़ी चूक; डीआईजी जेल ने किया निरीक्षण।

SHARE:

जिला जेल से दो बंदी फरार, सुरक्षा में बड़ी चूक; डीआईजी जेल ने किया निरीक्षण

अयोध्या।

जिला जेल अयोध्या से दो बंदियों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी जेल शैलेंद्र कुमार मैत्रीए स्वयं जिला जेल पहुंचे और पूरे प्रकरण की जांच की। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
डीआईजी जेल ने बताया कि फरार हुए दोनों बंदी विशेष चार नंबर बैरक में निरुद्ध थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने बैरक के रोशनदान की ईंट तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। इसके बाद पहले से जुटाए गए संसाधनों की मदद से जेल की सुरक्षा व्यवस्था को भेदते हुए फरार हो गए।
मौके से करीब 25 फीट लंबा बांस, 30 फीट की सरिया और एक कंबल बरामद किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि कंबल को रस्सी का रूप देकर दोनों बंदियों ने जेल की बाउंड्री वॉल फांदकर फरारी को अंजाम दिया।डीआईजी जेल शैलेंद्र कुमार मैत्रीए ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक बताया। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कराई जा रही है और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल होगी। साथ ही फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सघन तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जेल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment