मतदाता सूची की खामियों और प्रशासनिक अनियमितताओं पर नेताओं का आरोप।
अयोध्या। शहर के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद सहित कई पूर्व विधायकों ने जिला व तहसील प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। प्रेसवार्ता में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम, एसआईआर मामलों, और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अनियमितताओं को लेकर नेताओं ने कड़ा विरोध जताया।
फॉर्म वितरण में अनियमितता का आरोप
पूर्व विधायक रूश्दी मियां ने कहा हमारे विधानसभा क्षेत्र रूदौली सहित कई इलाकों में फॉर्म वितरण में प्रशासनिक अनियमितताएं सामने आई हैं। उनका आरोप था कि पात्र लोगों को भी मनमाने ढंग से ‘सी कैटगरी’ में डाला जा रहा है, जिससे उन्हें मतदान जैसे अधिकारों से वंचित होने का खतरा है।
मतदाता सूची में भारी खामियां: पवन पांडेय
पूर्व विधायक पवन पांडेय ने कहा कि अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी की गई है। उन्होंने बताया कि 2003 की पुरानी सूची को पुनः जोड़ा गया, फिर दूसरी सूची जारी कर दी गई। इससे मतदाताओं के नाम में त्रुटियां और पुनरावृत्ति जैसी समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं। उनके अनुसार भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम मतदाताओं को मतदान से वंचित किया जा रहा है।
प्रशासन पर पक्षपात का आरोप
नेताओं ने आरोप लगाया कि सहायक निर्वाचन अधिकारी का व्यवहार गुंडों और माफियाओं जैसा है और वह भाजपा नेताओं के संरक्षण में काम कर रहे हैं। नेताओं की मांग है कि सहायक निर्वाचन अधिकारी को तत्काल पद से हटाया जाए। सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि एसआईआर से जुड़े मामलों में सभी तथ्य डीएम को सौंपे गए हैं तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में व्याप्त खामियों पर विस्तार से चर्चा हुई है।
पत्रकार पर हमले की निंदा
सांसद अवधेश प्रसाद ने पत्रकार राममूर्ति यादव पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल पत्रकार का हालचाल भी लिया और 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
भाजपा नेता पर कैंट थानाध्यक्ष पर हमला करने का आरोप
प्रेसवार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि भाजपा नेता ने कैंट थानाध्यक्ष पर हमला किया, जिसकी जांच और कार्रवाई की मांग की गई।
नेताओं ने एक सुर में कहा कि अयोध्या की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कोई भी मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न हो, यह उनकी प्राथमिक मांग है। प्रशासन घपलेबाजी बंद करे और पारदर्शिता के साथ काम करे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





