मतदाता सूची पुनरीक्षण में गड़बड़ियों पर कांग्रेस का वार, अतिरिक्त 90 दिन समय देने की मांग।

SHARE:

मतदाता सूची पुनरीक्षण में गड़बड़ियों पर कांग्रेस का वार, अतिरिक्त 90 दिन समय देने की मांग।

अयोध्या। कांग्रेस पार्टी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में भारी गड़बड़ियों और प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस प्रक्रिया को जल्दबाजी में नहीं किया जाना चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मांग की कि पुनरीक्षण कार्य के लिए कम से कम 90 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाए।
पत्रकारों के सवालों का उत्तर देते हुए चेतनारायण सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में बीएलओ को अपने कार्य के लिए पर्याप्त समय मिलना जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग ने केवल एक माह का समय किस मनसा से निर्धारित किया है।
श्री सिंह ने पुनरीक्षण एवं आरक्षण अभियान के दौरान कार्य के दबाव में मृत्यु को प्राप्त हुए बीएलओ के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा तथा एक सरकारी नौकरी देने की भी मांग दोहराई।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि बीएलओ को बिना समुचित प्रशिक्षण के मतदाता सत्यापन जैसे अत्यंत संवेदनशील कार्य में उतार देना यह दर्शाता है कि प्रशासन केवल औपचारिकता निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के अभाव में बीएलओ घर-घर पहुंचने में असमर्थ हैं, जिसके चलते हजारों मतदाता अपनी जानकारी सही ढंग से पुष्टि नहीं कर पा रहे हैं।कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बहाने सरकार की मनसा संदिग्ध प्रतीत होती है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि मतदाता सूची का संशोधन केवल तकनीकी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने वाला सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। बिना पर्याप्त तैयारी के बीएलओ को मैदान में भेजना मतदाताओं के अधिकारों के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा को अमली जामा पहनाने के लिए चुनाव आयोग जनता के अधिकारों के हनन पर तुला हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसी कीमत पर यह स्वीकार नहीं करेगी और मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समय सीमा बढ़ाना अत्यंत आवश्यक तथा जनहित में है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment