श्रीराम मंदिर निर्माण से अयोध्या पहचान बढ़ी।

SHARE:

भारत का ‘चेहरा’ बनकर उभरी अयोध्या: महापौर गिरीश पति त्रिपाठी
बाहर पढ़ाई करने वाले छात्रों से महापौर का समारोहपूर्वक संवाद
छात्रों ने कहा, श्रीराम मंदिर निर्माण से अयोध्या पहचान बढ़ी

अयोध्या। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा है कि अयोध्या की ब्रांड वैल्यू निरंतर बढ़ रही है। यहां पिछले वर्ष 22 करोड़ पर्यटक आए। इससे अयोध्या पूरे भारत का चेहरा बन कर उभरी है। वह पाटेश्वरी मंदिर परिसर में बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे अयोध्या जिले के छात्रों से संवाद कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। 137 देशों ने भगवान राम को स्वीकार किया है। उन्होंने छात्रों से कहा कि बाहर पढ़ाई करने के कारण आप सब अयोध्या के सांस्कृतिक दूत हैं। आपकी नैतिक जिम्मेदारी है कि अपने आचरण, विचार, ज्ञान से अयोध्या के बारे में जन सामान्य में अच्छी धारणा निरोपित करें। उन्होंने इसके लिए बनारस और मथुरा वासियों की तरह क्षेत्रीय लगाव की चर्चा करते हुए इंटरनेट प्लेटफार्म एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप के इस्तेमाल का सुझाव दिया। त्रिपाठी ने कहा कि विदेशी विचारों से प्रभावित होकर कुछ लोग छोटी-छोटी बातों पर अयोध्या की नकारात्मक छवि गढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने की आवश्यकता है।
भाजपा नेता रवि तिवारी ने सुझाव दिया कि अध्यात्म के क्षेत्र में विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर अयोध्या में प्रोफेशनल उद्योग को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने इसके लिए 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के बाहरी क्षेत्र को इंडस्ट्रियल जोन के रूप में विकसित करने का भी सुझाव दिया। प्रतिष्ठित सीए सजन अग्रवाल ने जिले का नामकरण अयोध्या के नाम पर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया और कहा कि इससे इस जनपद को वैश्विक पहचान मिली।
छात्रों की ओर से सॉफ्टवेयर इंजीनियर आयुष सिंह ने विशाखापट्टनम में स्थापित हो रहे एआई पार्क की चर्चा करते हुए कहा कि आने वाले समय में एआई युवाओं की नौकरी के सामने चैलेंज प्रस्तुत करेगी। अस्तित्ववत्स पांडे ने ‘एआई का भारत’ में अवधी भाषा को स्थान दिलाने के प्रयास की चर्चा की। वनस्थली की छात्रा मानसी पांडे ने कहा वह एक ऐप तैयार कर रही हैं, जिसमें सभी स्वयंसेवी संस्थाओं, अस्पतालों और ब्लड डोनर्स के नाम शामिल होंगे, ताकि आपात स्थिति में लोगों को खून से अपने जीवन से हाथ न धोना पड़े। दीक्षा ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय में श्रीरामचरितमानस के दोहावाचन की प्रतियोगिता हो रही है। इसी तरह यहां भी आयोजन होने चाहिए।
इस मौके पर मुरादाबाद के पीतल कारोबार की तरह अयोध्या की स्थानीय स्किल को प्रमोट करने के सुझाव आए। कार्यक्रम का आयोजन पार्षद प्रतिनिधि अजय पांडे ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, उपसभापति राजेश गौड़, पार्षद संतोष सिंह, रामशंकर निषाद, अनूप श्रीवास्तव, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, अवनीश पांडे, पार्षद हरिश्चंद्र गुप्त, विशाल पाल, देवेंद्र सिंह, विपिनेश पांडे, ओमप्रकाश सिंह नाहर, भाजपा नेता हेमंत जायसवाल, आलोक द्विवेदी, पवनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में संभ्रांत नागरिक एवं छात्र मौजूद थे। इससे पूर्व मेधावी छात्रों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment