अयोध्या/बस्ती भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के बाद हरीश द्विवेदी के बस्ती पहुंचने पर आयोजित स्वागत समारोह में जिस तरह पार्टी नेताओं और समर्थकों ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया, उसके बाद अब जिले की चर्चित हर्रैया विधानसभा सीट को लेकर एक बार फिर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं.
स्वागत समारोह से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में हरीश द्विवेदी के साथ पूर्व मंत्री राज किशोर सिंह भी नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो में हरीश द्विवेदी को राज किशोर सिंह को आगे की ओर करते और आगे बैठाते हुए देखा जा रहा है. इसी वीडियो को आधार बनाकर राज किशोर सिंह के समर्थक सोशल मीडिया पर इसे अलग-अलग राजनीतिक संकेतों से जोड़कर प्रचारित कर रहे हैं.
समर्थकों का दावा है कि जिस तरह कार्यक्रम के दौरान हरीश द्विवेदी राज किशोर सिंह को आगे करते नजर आए, उसी तरह आने वाले समय में हर्रैया विधानसभा सीट पर भी राज किशोर सिंह को आगे रखा जा सकता है. सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं में यह तक कहा जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज किशोर सिंह भारतीय जनता पार्टी के टिकट के प्रमुख दावेदार हो सकते हैं.
कार्यक्रम के दौरान किसी नेता को आगे बैठाना या स्थान देना कई सामान्य राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों का हिस्सा भी हो सकता है. ऐसे में इस वीडियो को सीधे आगामी चुनाव के टिकट से जोड़कर देखना फिलहाल जल्दबाजी होगी.
अब वायरल वीडियो ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है. राज किशोर सिंह के समर्थक इसे भविष्य की राजनीति का संकेत मान रहे हैं, जबकि वास्तविकता क्या है, यह आने वाले समय में ही साफ होगा.
फिलहाल न तो भाजपा की ओर से हर्रैया सीट के लिए किसी उम्मीदवार के नाम की घोषणा हुई है और न ही इस वायरल वीडियो के आधार पर टिकट को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष निकाला जा सकता है. लेकिन इतना जरूर है कि हर्रैया सीट को लेकर बस्ती की सियासत में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





