हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगाः चित्तौड़गढ़ में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश।

SHARE:

चित्तौडगढ से नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट

हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगाः चित्तौड़गढ़ में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश

तिरंगे की शान में उमड़ा शहर, भव्य तिरंगा रैली में दिखा राष्ट्रीयता का जज्बा

चित्तौड़गढ़, 10 अगस्त। तिरंगे की आन, बान और शान के साथ सोमवार को चित्तौड़गढ़ में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत निकली भव्य तिरंगा रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, पुलिस जवान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शहरवासी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगों से शहर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। जिला कलक्टर कार्यालय से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष चैक पहुंची। मार्ग में जगह-जगह आमजन ने रैली का स्वागत किया। रैली में शामिल विद्यार्थियों और युवाओं का उत्साह देखते ही बना।

विधायक आक्या बोले- तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक

सुभाष चैक पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी व्यक्त करने का अवसर देता है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। विधायक ने उपस्थित जनसमूह को तिरंगा यात्रा की शपथ भी दिलाई।

कलक्टर डॉ. मंजू बोलीं- जनभागीदारी से बनेगा अभियान जनआंदोलन
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रव्यापी अभियान है। जिले में 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्राओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी नई पीढ़ी को राष्ट्रगौरव और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण है।

विद्यार्थी और युवा बने आकर्षण का केंद्र
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स और पुलिस जवानों की सहभागिता ने रैली को विशेष स्वरूप दिया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थी और युवा देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। रैली में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दिनेश धाकड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, रघु शर्मा, बद्रीलाल जाट, हर्षवर्धन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवान, शिक्षक, विद्यार्थी और शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम के अंत में गौरव त्यागी ने रैली में सहभागिता करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, विद्यालयों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।

9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में होंगे आयोजन

‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिले में तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, साइकिल एवं ई-बाइक रैली, ट्रैक्टर तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment