मेनाल के गहरे कुंड में डूबा अजमेर का युवक, सिविल डिफेंस ने 7 घंटे बाद निकाला शव।

SHARE:

चित्तौडगढ नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट

मेनाल के गहरे कुंड में डूबा अजमेर का युवक, सिविल डिफेंस ने 7 घंटे बाद निकाला शव।

चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मेनाल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अजमेर से दोस्तों के साथ वीकेंड मनाने आए युवक की झरने के नीचे बने गहरे कुंड में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की लापरवाही पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजमेर जिले के निवासी कुछ युवक रविवार को छुट्टियां मनाने मेनाल पहुंचे थे। रोमांच के चक्कर में ये सभी मुख्य झरने से करीब 150 फीट नीचे गहरी खाई में स्थित कुंड में नहाने चले गए। जंगल के बीच बने इस गहरे कुंड में नहाते समय अजमेर निवासी कानू सिंह पुत्र लाल सिंह रावत गहरे पानी में चला गया। कुंड की अत्यधिक गहराई और तैरना न आने के कारण वह देखते ही देखते पानी में डूब गया।
युवक के डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार गोपाल जीनगर और थानाधिकारी कमल चंद मीणा भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासन ने चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम और गोताखोरों को बुलाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 7 बजे रेस्क्यू टीम ने कुंड से युवक का शव ढूंढकर बाहर निकाला।
बारिश के मौसम में हर साल मेनाल में ऐसे हादसे होते हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से गहरे कुंडों के पास चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग या सुरक्षा गार्ड की स्थायी व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थल पर सुरक्षा इंतजाम नाकाफी हैं।
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के दौरान झरने और गहरे कुंडों के पास न जाएं। खतरे के निशान को पार न करें और सेल्फी या रोमांच के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment