ग्रामीण सेवा शिविर अवधि में बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे अधिकारी।

SHARE:

चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया *साप्ताहिक बैठक आयोजित*

ग्रामीण सेवा शिविर अवधि में बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे अधिकारी

*वर्षा ऋतु से पूर्व शहर के सभी नालों एवं नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश*

संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : जिला कलक्टर

*सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण एवं ब्लैक स्पॉट सुधार को लेकर हुई विस्तृत समीक्षा बैठक*

चित्तौड़गढ़, 15 जून। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, ग्रामीण सेवा शिविरों की व्यवस्थाओं, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं वर्षा पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि जिले में 12 जून से प्रारंभ हुए ग्रामीण सेवा शिविर 15 जुलाई तक संचालित होंगे। इन शिविरों के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में जाए और प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए ताकि ग्रामीणों को अधिकतम राहत मिल सके।

बैठक में नगर परिषद अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि वर्षा ऋतु से पूर्व शहर के सभी नालों एवं नालियों की सफाई कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा सफाई कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

संपर्क पोर्टल एवं दैनिक जन सुनवाई की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की भी विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

दुर्घटना संभावित क्षेत्र पर करे कार्यवाही: जिला कलक्टर

जिले में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक कार्यवाही करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले एवं शहरी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही एवं दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक सुधार कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक संकेत, सुरक्षा उपाय एवं जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित,पुलिस विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment