चित्तौड़गढ़ नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट चित्तौड़गढ़ की ओपन जेल से आजीवन कारावास की सजा काट रहा हत्या का दोषी बंदी फरार हो गया। सुबह बंदियों की नियमित गिनती के दौरान एक बंदी कम मिलने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोबारा गिनती और पहचान प्रक्रिया के बाद उदयपुर जिले के सराड़ा थाना क्षेत्र निवासी ललित उर्फ लालशंकर उर्फ लाला मीणा के फरार होने की पुष्टि हुई।
जानकारी के अनुसार फरार बंदी हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था और उसे खुला बंदी शिविर में रखा गया था। जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार बंदी की तलाश में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ललित मीणा को राजसमंद के केलवा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में अपर जिला एवं सेशन न्यायालय ने 18 दिसंबर 2019 को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद से वह चित्तौड़गढ़ के ओपन जेल शिविर में सजा काट रहा था।
फरारी की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





