तस्करी में जब्त 66 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ को पुलिस ने जलाकर किया नष्ट।

SHARE:

17 पुलिस थानों के 48 प्रकरणों में जब्तशुदा अवैध अफीम डोडा चूरा,गांजा,स्मेक व एमडीएमए को पुलिस ने किया नष्ट।
तस्करी में जब्त 66 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ को पुलिस ने जलाकर किया नष्ट।
*नष्ट किये मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ रुपये।*

चित्तौड़गढ़, 29 मई। जिले के 17 पुलिस थानों में जब्तशुदा अवैध डोडाचूरा, गांजा, स्मेक व एमडीएमए को न्यायालय से भौतिक सत्यापन व निर्णय के बाद शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह की उपस्थिति में जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा थाना शंभूपुरा के सावा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट की कीलन में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस द्वारा 66 क्विंटल से अधिक अवैध डोडाचूरा, गांजा, स्मेक व एमडीएमए को नष्ट किया गया । एनसीबी की मानक कीमत के अनुसार पुलिस द्वारा नष्ट किये गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि, जिले के पुलिस थानों के मालखाना एनडीपीएस एक्ट में जब्तशुदा मादक पदार्थों व वाहनों की वजह से लबालब भरे पड़े हुए हैं, जिससे अन्य जब्तशुदा मालों के रखने की समस्या आ रही थी। माल निस्तारण और थाने को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की नॉन एसआर शाखा द्वारा संबंधित थानाधिकारियों से माल के निस्तारण के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त कर, रिकॉर्ड तैयार किया गया।
उक्त कार्यवाही के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, डीएसपी भदेसर विनोद कुमार, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, थानाधिकारी शंभूपुरा धर्मराज उ.नि. सहित संबंधित 17 थानों के थानाधिकारी एवं मालखाना प्रभारी व नॉन एसआर शाखा प्रभारी एएसआई मनोज कुमार एवं कार्यालय के कर्मचारियों आदि की उपस्थिति में आवश्यक रिकॉर्ड मिलान करने के बाद मादक पदार्थों का वजन किया गया तथा संबंधित मालों के वजन करने व नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो इसके लिए सम्पूर्ण कार्यवाही की फोटोग्राफी व विडियोग्राफी करवाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़, सदर चित्तौड़गढ़, कोतवाली निम्बाहेड़ा, सदर निम्बाहेड़ा, बस्सी, आकोला, मंगलवाड़, रावतभाटा, बेगूं, राशमी, साडास, पारसोली, भूपालसागर, शंभूपुरा, बिजयपुर, कपासन व निकुम्भ के कुल 17 पुलिस थानों में दर्ज कुल 48 प्रकरणों में से 30 प्रकरणों में अवैध मादक पदार्थ 65 क्विंटल 76 किग्रा 537 ग्राम डोडा चूरा, 11 प्रकरणों में 34 किग्रा 748 ग्राम गांजा, 06 प्रकरणों में 996 ग्राम एमडीएमए व 01 प्रकरण में 135 ग्राम स्मेक को जिला पुलिस द्वारा कार्यवाही के दौरान तस्करों के कब्जे से जब्त किया गया था। उक्त सभी 48 प्रकरणों में जब्तशुदा अवैध मादक पदार्थो को जिला औषधि व्ययन समिति चित्तौड़गढ़ द्वारा अल्ट्राटेक सीमेंट के अधिकारियों यूनिट हैड उत्त्तम राय, एच आर हैड नितेश राठी, मुख्य सुरक्षा अधिकारी धीरेंद्र राठौड़, जनसंपर्क प्रबंधक दीपक भट्ट एवं पर्यावरण विभाग के मिथिलेश बेनीवाल की उपस्थिति में शुक्रवार को शंभूपुरा थाने के सावा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की कीलन में जलाकर नष्ट किया गया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment