दिव्यांग बच्चों की कलाकृतियों की निदेशक अतुल द्विवेदी ने की सराहना
अयोध्या धाम। उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) एवं अखिल भारतीय दिव्यांग जन कल्याण समिति, अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में “सृजन” कार्यक्रम के अंतर्गत मंद-बुद्धि एवं मूक-बधिर विद्यालय, तुलसीनगर, अयोध्या में संचालित सात दिवसीय लोक चित्रकला कार्यशाला के अंतर्गत गुरुवार, 28 मई 2026 को संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के निदेशक श्री अतुल द्विवेदी ने कार्यशाला का निरीक्षण किया तथा दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
निदेशक श्री अतुल द्विवेदी ने बच्चों द्वारा तैयार चित्रों, रंग संयोजन एवं पारंपरिक लोक कला के प्रति उनकी रुचि को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कला एवं संस्कृति समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है तथा इस प्रकार के कार्यक्रम दिव्यांग बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहेगा, जिससे दिव्यांग बच्चों को रोजगार, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर प्राप्त हो सकें।
ज्ञात हो कि कार्यशाला का शुभारंभ पूर्व में जिला होमगार्ड कमांडेंट श्री राघवेंद्र शुक्ला एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्री चंद्रेश त्रिपाठी द्वारा किया गया था। उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित मिश्रा एवं प्रबंधक डॉ. प्रदीप तिवारी द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया था।
कार्यक्रम का संयोजन एवं प्रशिक्षण दे रहीं प्रशिक्षिका दीपा सिंह ने बताया कि “सृजन” कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों एवं युवाओं की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, भारतीय लोक कला एवं संस्कृति से जोड़ना तथा उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में बच्चों को पारंपरिक लोक चित्रकला, रंग संयोजन, हस्तकला एवं सांस्कृतिक विरासत से संबंधित विविध तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हो रही है।
सह-प्रशिक्षिका वाणी शुक्ला ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में अद्भुत प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन एवं अवसर देने की है। उन्होंने बताया कि बच्चों ने अत्यंत उत्साह के साथ चित्रांकन एवं लोक कला की विभिन्न विधाओं को सीखने में रुचि दिखाई है। शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के सामूहिक प्रयास से बच्चों के कौशल विकास एवं रचनात्मक क्षमता को नई दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य अंकित मिश्रा, शरद तिवारी, दिनेश राय, विकास पांडे, सरिता शर्मा, रानी श्रीवास्तव सहित विद्यालय परिवार एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रशिक्षिका दीपा सिंह एवं वाणी शुक्ला द्वारा निदेशक श्री अतुल द्विवेदी का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





