साकेतपुरी के 6 पार्कों का बदला स्वरूप।

SHARE:

साकेतपुरी के 6 पार्कों का बदला स्वरूप
करोड़ों की लागत से सामुदायिक पार्कों को मिली नई पहचान
छह पार्कों का हुआ कायाकल्प, एडीए ने पार्क कराए तैयार

अयोध्या।प्रदेश की योगी सरकार के नेतृत्व में रामनगरी अयोध्या का तेजी से विकास हो रहा है। अयोध्या को आध्यात्मिक और प्राकृतिक रूप से तैयार कर रही है। इसी क्रम में साकेतपुरी क्षेत्र के छह सामुदायिक पार्कों का कायाकल्प हो गया है। अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा कराए गए इस सौंदर्यीकरण कार्य में करीब छह करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इन पार्कों को दो फेज में विकसित किया गया है, जिसमें आधुनिक सुविधाओं के साथ हरियाली का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या को हरित और स्मार्ट शहर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। साकेतपुरी फेज-1 और फेज-2 में स्थित इन पार्कों को न केवल नया स्वरूप दिया गया है, बल्कि इन्हें स्थानीय निवासियों के लिए आकर्षक सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। पहले जहां ये पार्क साधारण से दिखते थे, वहीं अब इनमें पाथ-वे, आउटडोर प्ले एरिया, जिम्नेजियम, गजिबो, मजबूत बाउंड्री वॉल और बच्चों के लिए आकर्षक प्ले एरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन पार्कों का विकास पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है। पार्कों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, जो न केवल वातावरण को शुद्ध करेंगे बल्कि क्षेत्र को हराभरा भी बनाएंगे। आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था, और वॉकिंग ट्रैक भी पार्कों की खासियत बन गए हैं। शाम के समय इन पार्कों में टहलने वाले स्थानीय लोगों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने बताया कि इन पार्कों को तैयार करने में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग किया गया है, ताकि ये लंबे समय तक टिकाऊ रहें। बच्चों के खेलने के क्षेत्र को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। साकेतपुरी के इन छह पार्कों का सौंदर्यीकरण अन्य क्षेत्रों के लिए भी मिसाल बन सकता है। भविष्य में अयोध्या के अन्य पार्कों को भी इसी तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment