सिहोरिया चौराहे पर युवक का शव मिलने से सनसनी
जाना बाजार-अयोध्या। हैदरगंज थाना क्षेत्र के सिहोरिया बाजार चौराहे पर शनिवार भोर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे एक बेंच के पास युवक को औंधे मुंह पड़ा देखा। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक हैदरगंज संतोष कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान रमवा कला निवासी शिवकुमार दुबे (35) पुत्र गिरिजा प्रसाद दुबे के रूप में हुई।मृतक के पिता गिरिजा प्रसाद दुबे ने बताया कि शिवकुमार उनके तीन पुत्रों में सबसे छोटा था। वर्ष 2009 में उसकी शादी हुई थी, लेकिन वर्ष 2012 में पत्नी का निधन हो गया। इसके बाद वर्ष 2020 में वह दूसरी महिला को घर लाया था, जो कुछ दिनों बाद चली गई। तभी से वह शराब का आदी हो गया था और घर से बाहर ही अधिक रहता था।परिजनों के अनुसार शिवकुमार शुक्रवार शाम करीब चार बजे घर से निकला था। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि उसे देर शाम बाजार स्थित शराब की दुकान पर नशे की हालत में देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि अधिक शराब पीने के कारण वह बेंच पर लेट गया और बाद में जमीन पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





