काबरा से विदा होकर कोटड़ी पहुँची तुलसीमाता।

SHARE:

चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया काबरा से विदा होकर कोटड़ी पहुँची तुलसीमाता, चारभुजा मंदिर परिसर में हुआ भव्य स्वागत।

रेलमगरा। रेलमगरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोटड़ी एवं काबरा में आयोजित शालिग्राम भगवान एवं तुलसीमाता विवाह महोत्सव धार्मिक आस्था, परंपरा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। विवाह की सभी रस्में पूर्ण होने के बाद काबरा गांव से ग्रामीणों ने भावुक माहौल में तुलसीमाता को विधिवत विदाई दी। इस दौरान महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाते हुए ठाकुरजी के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
तुलसीमाता की विदाई के बाद बारात एवं ग्रामीण कोटड़ी पहुंचे, जहां चारभुजा मंदिर परिसर में ग्रामवासियों ने तुलसीमाता एवं शालिग्राम भगवान का भव्य स्वागत किया। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट एवं रोशनी से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर ठाकुरजी का अभिनंदन किया तथा पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ सभी पारंपरिक रस्में निभाई गईं। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर गृह प्रवेश की रस्म सम्पन्न करवाई तथा तुलसीमाता का स्वागत किया। महिलाओं द्वारा वधाई की सामग्री वितरित कर सभी को ठाकुरजी के विवाह की शुभकामनाएं दी गईं।
धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार प्रतिवर्ष यह आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न किया जाता है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment