अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रमों की तैयारी, सेक्टर प्रभारियों को सौंपी गई नई जिम्मेदारी
अयोध्या।
समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय लोहिया भवन में रविवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की तैयारियों एवं अंतिम प्रकाशित वोटर लिस्ट को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर प्रभारियों को नई वोटर लिस्ट वितरित कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन महासचिव हामिद जाफर मीसम ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ ने कहा कि 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की जयंती प्रत्येक सेक्टर स्तर पर मनाई जाएगी। जयंती की पूर्व संध्या 13 अप्रैल से ही पूरे अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक समानता, स्वतंत्रता और सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम बताया और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।
निवर्तमान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर को भारतीय संविधान का जनक माना जाता है। उन्होंने संविधान मसौदा समिति के अध्यक्ष के रूप में देश को मजबूत संवैधानिक ढांचा दिया। महासचिव हामिद जाफर मीसम ने सभी पदाधिकारियों व सेक्टर प्रभारियों से नई वोटर लिस्ट का गहन अध्ययन करने का आह्वान किया।बैठक में बताया गया कि 14 अप्रैल को पार्टी कार्यालय में अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी, जबकि 15 अप्रैल को भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।इस अवसर पर प्रदेश सचिव राम अचल यादव, उपाध्यक्ष चौधरी श्रीचंद यादव, प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट, अपर्णा जायसवाल, दान बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, पार्षद व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





