सारंगवास में सोनाणा खेतलाजी मेला आज से, मोती खान सजाएंगे सुरों की सांझ, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था
देसूरी,पाली।
सारंगवास स्थित सोनाणा खेतलाजी तीर्थ धाम में 19 व 20 मार्च को आयोजित होने वाला 52वां वार्षिक भव्य लक्खी मेला आज से शुरू हो रहा है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट कमेटी द्वारा करीब डेढ़ लाख लोगों के लिए निःशुल्क भोजन प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई है।
इस व्यवस्था के तहत राजेंद्र शांतिलाल लादाजी भण्डारी के सान्निध्य में भोजनशाला की भट्टी का विधिवत मुहूर्त किया गया। भोजनशाला में दो दिनों तक निरंतर प्रसादी वितरण किया जाएगा। शुभारंभ के दौरान ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष भगाराम चौधरी,कोषाध्यक्ष मुलाराम मेघवाल, उपाध्यक्ष रताराम चौधरी, कमलेश सोनी, रमेश चौधरी, अमरसिंह पंवार एवं ट्रस्ट मैनेजर गौतम सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मेले में अधिकाधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ट्रस्ट अध्यक्ष भगाराम चौधरी, सचिव महेश सिंह चारण सहित ट्रस्ट सदस्य आमंत्रण पत्रिका के माध्यम से लोगों को गांव गांव निमंत्रण दिया गया है। भोजन व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग पंडाल तैयार किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु सहजता से प्रसादी ग्रहण कर सकें।
दो दिन तक होंगे विविध

कई धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
मेले के पहले दिन 19 मार्च को सुबह 8 बजे भव्य वरघोड़ा निकाला जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे हॉर्स शो और रात्रि 8 बजे भजन संध्या का आयोजन होगा। वहीं 20 मार्च को मुख्य मेला आयोजित होगा, जिसमें प्रातः मंदिर पर ध्वजा चढ़ाने, पूजा-अर्चना, सुबह 9 बजे स्थापना एवं दोपहर 1 बजे गेर नृत्य का आयोजन होगा। इस दौरान जालोर, सिरोही, पाली, बाड़मेर सहित विभिन्न जिलों के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में लोक संस्कृति के रंग बिखेरेंगे।
भजन संध्या में मोती खान सहित कई कलाकार देंगे प्रस्तुति
भजन संध्या में आशा वैष्णव एवं मां फिल्म आना के बैनर तले इस बार प्रसिद्ध गायक इंडियन आइडल मोती खान, आशा वैष्णव, सोनू सिसोदिया, शंकर टांक, रमेश माली, तेजपालसिंह गरवर एवं धर्मराज मेजा भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं नृत्यांगना टीना प्रजापत, ममता भारती, विनोद गोमती और राहुल राजस्थानी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. प्रवीण वैष्णव व प्रमोद परिहार करेंगे।
इन अतिथियों की रहेगी उपस्थिति
मेले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत, पाली सांसद पीपी चौधरी, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, बाली विधायक पुष्पेन्द्रसिंह राणावत, जोधपुर जिला मजिस्ट्रेट पूरणमल शर्मा, संजय ओझा पाली, पूर्व जिला परिषद सदस्य गुलाब चौधरी, पाली भाजपा अध्यक्ष सुनील भंडारी एवं पूर्व उप जिला प्रमुख जगदीश चौधरी अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
संत सानिध्य में विक्रमनाथ महाराज एवं संत महेन्द्रानंद गिरी का आशीर्वाद रहेगा, वहीं भक्तराज राजेंद्र भंडारी,भक्तरत्न सूरजमल खांडप की विशेष उपस्थिति भी मेले की गरिमा बढ़ाएगी।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





