एटीएम बदलकर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, तीन गिरफ्तार, 2 लाख रुपये व कार बरामद।
अयोध्या।
जिले में एटीएम मशीनों पर लोगों को झांसा देकर कार्ड बदलने और खाते से रुपये निकालने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना पूराकलन्दर पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.99 लाख रुपये नगद, एक कार सहित अन्य सामान बरामद किया है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि थाना पूराकलन्दर पुलिस टीम ने संगठित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का खुलासा किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोनू (गया, बिहार), पिंकू (नवादा, बिहार) और मनीष कुमार (नवादा, बिहार) शामिल हैं। इन्हें 16 मार्च 2026 को पिचाशी कुंड मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। एसपी सिटी ने बताया आरोपी एटीएम मशीन में फेवीक्विक डालकर उसे जाम कर देते थे। इसके बाद वे पास में खड़े होकर ग्राहकों पर नजर रखते थे। जब कोई व्यक्ति एटीएम कार्ड मशीन में डालता और कार्ड फंस जाता, तो आरोपी मदद के बहाने उसका कार्ड बदल लेते थे। बाद में दूसरे एटीएम से खाते से रुपये निकाल लेते थे।
थाना पूराकलन्दर व कोतवाली नगर क्षेत्र में एटीएम ठगी की कई घटनाएं दर्ज हुई थीं। पीड़ितों ने शिकायत में बताया था कि मदद के नाम पर उनके कार्ड बदलकर 30 हजार से लेकर 59 हजार रुपये तक की निकासी कर ली गई। पुलिस ने इन मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की थी।
बरामदगी में नकदी, कपड़े व उपकरण
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1,99,500 रुपये नगद, 14 फेवीक्विक, प्लास, मार्कर, आधार कार्ड, कपड़े व एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार बरामद हुई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम जैन, निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा समेत सर्विलांस और स्वाट टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





