श्याम भक्ति में डूबा पाली: निकुंज कामरा के भजनों से गूंज उठी अग्रसेन वाटिका।

श्री श्याम मित्र मंडल के 25वें वार्षिकोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, आज शुभम-रूपम की भजन संध्या
पाली,
पाली में श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा आयोजित खाटू वाले श्री श्याम प्रभु का 25वां वार्षिकोत्सव बुधवार को स्थानीय अग्रसेन वाटिका में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिल्ली से पधारी श्याम जगत की सुप्रसिद्ध भजन गायिका निकुंज कामरा ने अपने मधुर और रसमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अग्रसेन वाटिका में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों की उपस्थिति रही। भजन संध्या के दौरान निकुंज कामरा ने “सखी री बांके बिहारी से लड़ गई अंखियां”, “सबको भाव से पार कर दो राधारानी”, “कई जन्मों से बुला रही हूं, कोई तो रिश्ता जरूर होगा”, “नजर ना लग जाए” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उनके मधुर भजनों और भावपूर्ण गायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु देर रात तक श्याम नाम के संकीर्तन में झूमते नजर आए।
भक्ति और संगीत से सजे इस आयोजन में ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा पाली शहर श्याम भक्ति के रंग में रंगकर वृंदावन की आध्यात्मिक अनुभूति कर रहा हो। श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए बाबा श्याम के जयकारे लगाते रहे और पूरा पंडाल भक्तिरस में डूबा रहा।
कार्यक्रम के दौरान मंडल द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा भक्तों के लिए प्रसाद एवं अन्य व्यवस्थाएं की गईं।
आज शुभम-रूपम की भजन संध्या, सजेगा बाबा का दिव्य दरबार
महोत्सव की अगली कड़ी में 12 मार्च गुरुवार रात्रि 8 बजे से अग्रसेन वाटिका में कोलकाता से पधारे प्रसिद्ध श्याम भजन गायक शुभम एवं रूपम द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर बाबा श्याम का दिव्य दरबार सजाया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के फूलों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा।
इसके साथ ही भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन को सफल बनाने में जुटे मंडल के सदस्य
श्री श्याम मित्र मंडल के इस 25वें वार्षिकोत्सव को सफल बनाने के लिए मंडल के महिला एवं पुरुष सदस्य सक्रिय रूप से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। इनमें राजीव डालमिया, अंकित अग्रवाल, ललित पोद्दार, प्रतीक अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अमन अग्रवाल, नितेश सर्राफ, रवि अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, निखिल मुरारका, शिवजी दायमा, पवन अग्रवाल, दिव्या सर्राफ, मोनिका डालमिया, नेहा अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, अंजू लड़िया, पूजा अग्रवाल सहित अनेक सदस्य अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
मंडल पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन करें और भजन संध्या का आनंद लें।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





