पर्यटन परियोजनाओं का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण, रामनवमी से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश
अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक सोमेन बर्मा एवं जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ पर्यटन विकास योजनाओं के अंतर्गत राम की पैड़ी स्थित घाटों तथा गुप्तार घाट पर चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था यू०पी० प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-11 अयोध्या के परियोजना प्रबंधक, सहायक परियोजना प्रबंधक, अवर अभियंता एवं संबंधित फर्म के इंजीनियर उपस्थित रहे।
नया घाट से लक्ष्मण घाट तक सौंदर्यीकरण
सरयू नदी के नया घाट से लक्ष्मण घाट तक पर्यटन सुविधाओं के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ₹2328.80 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। मंडलायुक्त ने आगामी रामनवमी पर्व के दृष्टिगत कार्यस्थल पर साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कर हस्तांतरण के निर्देश दिए।
राम की पैड़ी से राजघाट व श्रीराम मंदिर तक भ्रमण पथ सुदृढ़ीकरण
राम की पैड़ी से राजघाट तथा राजघाट से भगवान श्रीराम मंदिर तक श्रद्धालु भ्रमण पथ के सुदृढ़ीकरण एवं जीर्णोद्धार हेतु ₹2282.53 लाख की स्वीकृति दी गई है। निरीक्षण के दौरान कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
विजिटर गैलरी व सेल्फी प्वाइंट का निर्माण
राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी/सेल्फी प्वाइंट एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास कार्य के लिए ₹2367.61 लाख स्वीकृत किए गए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि रामनवमी पर्व से पूर्व स्थल की समुचित सफाई एवं लेवलिंग कार्य पूर्ण किया जाए।
गुप्तार घाट तृतीय चरण का सौंदर्यीकरण
गुप्तार घाट पर तृतीय चरण के अंतर्गत प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ₹1833.63 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। मंडलायुक्त ने कार्य को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
राजघाट के समीप एम्फीथिएटर व फूड कोर्ट
सरयू नदी के राजघाट के समीप एम्फीथिएटर एवं फूड कोर्ट निर्माण कार्य हेतु ₹2272.28 लाख स्वीकृत हैं। निरीक्षण के दौरान निर्देश दिया गया कि पाथवे पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो तथा रामनवमी मेले के मद्देनजर स्थल की समुचित साफ-सफाई रखी जाए। परियोजना को जून 2026 तक पूर्ण कर जनोपयोगी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





