श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास का स्वास्थ्य मेला आज, 200 विशेषज्ञ देंगे नि:शुल्क सेवा।

SHARE:

श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास का स्वास्थ्य मेला आज, 200 विशेषज्ञ देंगे नि:शुल्क सेवा
प्रचार वाहनों से हो रहा जनजागरण, नेत्र रोगियों को मिलेगा चश्मा व मुफ्त दवाएं

अयोध्या। जनसेवा के उद्देश्य से ‘श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य मेला 2.0’ का आयोजन 22 फरवरी (रविवार) को सुबह 9 बजे से अवध इंटरनेशनल स्कूल परिसर में किया जाएगा। यह आयोजन नेशनल मेडिकोज़ आर्गेनाइजेशन अवध प्रांत और श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। मेले के दूसरे संस्करण की सभी तैयारियां शनिवार को पूर्ण कर ली गईं। बाहर से आने वाले चिकित्सकों का आगमन भी प्रारंभ हो गया है।आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रचार-प्रसार अभियान तेज कर दिया गया है। प्रचार वाहन ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में घूमकर लोगों को मेले की जानकारी दे रहे हैं और पत्रक वितरित किए जा रहे हैं। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य मेले तक पहुंचने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में गांव-गांव जाकर जनजागरण किया जा रहा है।
एसजीपीजीआई, केजीएमयू समेत कई संस्थानों के विशेषज्ञ रहेंगे मौजूद
आयोजन के मीडिया प्रमुख पवन पांडेय ने बताया कि मेले में संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई), किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान तथा कल्याण सिंह कैंसर संस्थान सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के लगभग 200 विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। सभी प्रमुख रोगों के विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे और मरीजों को नि:शुल्क परामर्श, आवश्यक जांच व दवाएं प्रदान की जाएंगी।
मौके पर होंगी आवश्यक जांचें, कैंसर स्क्रीनिंग की विशेष व्यवस्था
स्वास्थ्य मेले में ब्लड टेस्ट, नेत्र परीक्षण, ईसीजी, पेशाब जांच सहित कई आवश्यक जांचें स्थल पर ही की जाएंगी। कैंसर स्क्रीनिंग के लिए विशेषज्ञ टीम संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत लखनऊ स्थित संस्थानों में उपचार के लिए रेफर करेगी। नेत्र रोगियों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया जाएगा तथा मोतियाबिंद मरीजों के ऑपरेशन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
दंत चिकित्सा के लिए विशेष काउंटर
दंत रोगियों के उपचार हेतु सरदार पटेल डेंटल कॉलेज और बाबू बनारसी दास डेंटल कॉलेज की विशेषज्ञ टीमें अलग से काउंटर संचालित करेंगी। इसके अलावा अयोध्या मेडिकल कॉलेज और शहर के वरिष्ठ चिकित्सक भी शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।आयोजकों ने अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों से अपील की है कि वे 22 फरवरी को आयोजित इस नि:शुल्क स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाएं।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment