चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण में भ्रष्टाचार का आरोप।

SHARE:

चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण में भ्रष्टाचार का आरोप
अवैध निर्माण व नाले पर अतिक्रमण हटाने की मांग, स्वतंत्र एजेंसी से जांच की उठी मांग

अयोध्या।

चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण कार्य को लेकर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक उदासीनता और अधिकारियों की कथित मिलीभगत के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता राजेश सिंह मानव महंत संत दास, निवासी राज सदन, मौजा जनौरा ने मुख्यमंत्री को प्रेषित शिकायत में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।शिकायत के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-3 द्वारा पत्रांक-42/1C (14 कोसी)-25 दिनांक 08 जनवरी 2025 के माध्यम से संबंधित भवन को परिक्रमा मार्ग परियोजना में बाधक बताते हुए हटाने का नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में सात दिवस के भीतर संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने तथा अन्यथा की स्थिति में जिला प्रशासन और विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।इसके बाद भी कथित रूप से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सरकारी नाले एवं भूमि पर अवैध अतिक्रमण को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे शासन की महत्वाकांक्षी योजना प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों द्वारा मामले को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे भ्रष्ट तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है।शिकायत में कहा गया है कि यह मामला सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने, शासनादेशों की अवहेलना तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के संभावित उल्लंघन की श्रेणी में आता है। अयोध्या जैसे अंतरराष्ट्रीय धार्मिक महत्व के नगर में इस प्रकार की स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताया गया है।शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी सीबीआई, विजिलेंस या विशेष जांच दल से कराई जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय और आपराधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा सरकारी भूमि व नाले से तत्काल अतिक्रमण हटाकर परिक्रमा मार्ग परियोजना को निर्वाध रूप से पूर्ण कराया जाए। इधर, कार्यालय अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड-3, लोक निर्माण विभाग द्वारा 05 जनवरी 2025 को जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित भवन परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण कार्य में प्रभावित हो रहा है और उसे हटाया जाना आवश्यक है। विभाग ने सात दिनों के भीतर अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा था, अन्यथा संयुक्त टीम द्वारा अग्रिम कार्रवाई की बात कही गई थी।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment