छात्रा की मौत के मामले ने पकड़ा तूल, मां ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार।
अयोध्या। गोमतीनगर क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही मेधावी छात्रा वैष्णवी सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में पीड़िता की मां रूबी सोनी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर एक युवक पर उनकी पुत्री को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में मां ने आरोप लगाया है कि पंकज यादव नामक युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को झूठे प्रेमजाल में फंसाया। आरोप के अनुसार, छात्रा के नाबालिग होने के बावजूद आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण किया और चोरी-छिपे आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए।
परिजनों का कहना है कि वैष्णवी पढ़ाई में काफी मेधावी थी और प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए अपना भविष्य संवारना चाहती थी। जब उसने पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आरोपी से दूरी बनाने का प्रयास किया, तो पंकज यादव ने उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वह फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इसी मानसिक उत्पीड़न और लोक-लाज के भय से छात्रा गहरे तनाव में चली गई और अंततः उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पीड़िता की मां ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, आईटी एक्ट तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण जैसी गंभीर धाराओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग की है। पत्र में मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की अपील की गई है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





