साकेत नगर में सीवर लाइन बनी मुसीबत
पार्षद प्रतिनिधि ने कराया अस्थायी सुधार
नगर निगम से बजट का इंतजार
मंसूर अहमद बोले स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास
अयोध्या।साकेत नगर वार्ड के शाहजहांपुर मोहल्ले में चल रहे विकास कार्यों के बीच आमजन की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था।
जनहित को ध्यान में रखते हुए पार्षद प्रतिनिधि मंसूर अहमद ने अपने स्तर से पहल करते हुए सड़क की अस्थायी मरम्मत करवाई, जिससे कम से कम पैदल राहगीरों को राहत मिल सके। इस पहल से लोगों को कुछ हद तक सुविधा जरूर मिली है।
पैदल चलना आसान, वाहन चालकों की मुश्किल बरकरार
अस्थायी मरम्मत के बाद सड़क पैदल आवागमन के लिए तो ठीक हो गई है, लेकिन उबड़-खाबड़ स्थिति के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना अब भी जोखिम भरा बना हुआ है। जलभराव और कीचड़ की समस्या से स्थानीय व्यापार और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
बजट का इंतजार, नगर निगम से उम्मीद
इस संबंध में पार्षद प्रतिनिधि मंसूर अहमद ने बताया कि निजी संसाधनों से केवल तात्कालिक राहत ही दी जा सकती है। सड़क का स्थायी निर्माण नगर निगम के बजट से ही संभव है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन को समस्या से अवगत करा दिया गया है और बजट स्वीकृत होने का इंतजार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द बजट आवंटित हो और शाहजहांपुर मोहल्ले की सड़क मजबूत व सुंदर बन सके। जनता की परेशानी हमारी प्राथमिकता है।
क्षेत्रवासियों ने जताई सराहना
स्थानीय लोगों ने पार्षद प्रतिनिधि के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निगम की प्रक्रिया का इंतजार करने के बजाय उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर रास्ता चलने लायक बनाया। साथ ही क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि बजट प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले सड़क का स्थायी समाधान हो सके।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





