रामनगरी को दो सुलभ शौचालय महापौर ने किया समर्पित।

SHARE:

रामनगरी को दो सुलभ शौचालय महापौर ने किया समर्पित
स्वच्छता कार्य में सहयोग के लिए नागरिक समितियों से आह्वान

अयोध्या। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने लोकार्पण के साथ रामनगरी को दो सुलभ शौचालय समर्पित किया। रामपथ पर स्थित सरदार गणपति राय सरस्वती विद्या मंदिर परिसर के भीतर और बाहर शौचायलयों का निर्माण टाइनी टाट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सहयोग से किया गया है। इसका संचालन टाइनी टाट्स ग्रुप आफ स्कूल एवं अयोध्या विकास प्राधिकरण करेगा।
महापौर के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि शौचालय पांच-पांच सीटर है। एक का प्रयोग विद्यालय के छात्र करेंगें, जबकि दूसरे का लाभ अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा। महापौर ने फीता काटकर उद्घाटन करने के पूर्व विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में कहा कि अयोध्या अवसर की संभावना वाला महानगर बन कर उभरा है, क्योंकि यहां देश और दुनिया से प्रतिमाह लाखों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में समाज की जिम्मेदारी है कि वह नगर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे सफाई कार्य की विस्तार से चर्चा की और बताया कि नागरिक समितियों के माध्यम से पांच वार्डो की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। महापौर ने सरयू नदी को स्वच्छ बनाने के लिए किया जा रहे उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नागरिकों एवं विभिन्न संस्थानों से वार्डों को गोद लेकर स्वच्छता के कार्य में सहयोग करने का आह्वान किया।
टाइनी टाट्स की निदेशक बिन्नी सिंह ने पर्यावरण संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने फलदार पेड़ लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ पक्षियों के भोजन का भी प्रबंध होगा। उन्होंने बच्चों को सामुदायिक कार्यों से जोड़ने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी में अनुशासन बढ़ेगा और वह नशे जैसी कुप्रवृत्ति से बचेंगे।
इस मौके पर साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दानपति तिवारी, विद्या मंदिर के प्रबंधक प्रमोदकांत, पार्षद अनिकेत यादव एवं राजकरण, पूर्व सभासद रमाकांत विश्वकर्मा, सरदार रणजीत सिंह, गुनीत औलख, प्रधानाचार्य मुकेश चंद्र शर्मा एवं मुक्ति श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन एकता भूटानी एवं वंदना सिंह ने किया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment