अयोध्या के श्री राजगोपाल संस्कृत महाविद्यालय ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में लहराया परचम
अयोध्या।
राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान और उत्तर प्रदेश सरकार के भाषा विभाग द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय विविध संस्कृत प्रतियोगिताओं में श्री राजगोपाल संस्कृत महाविद्यालय, अयोध्या (विप्र संजीवनी परिषद् गुरुकुल) के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।प्रतियोगिताओं में छात्रों ने अपनी अद्वितीय साधना, भाषिक दक्षता और गहन पांडित्य का परिचय देते हुए कई प्रतिष्ठित स्थान हासिल किए। श्लोक-अंत्याक्षरी प्रतियोगिता में रूपेश दुबे एवं शशांक पाण्डेय ने अपनी अद्वितीय स्मरण-शक्ति का प्रदर्शन कर विशिष्ट स्थान प्राप्त किया। तर्क-संग्रह विषय में शिवा ने सूक्ष्म तर्कणा और न्यायशास्त्रीय दक्षता से सभी को प्रभावित किया।अमरकोश प्रतियोगिता में पवई ने कोश-विद्या और शब्द-सम्पदा का उत्कृष्ट परिचय दिया। वहीं, लघुसिद्धान्त-कौमुदी (व्याकरण) के दुरूह विषय में अमित, मयंक, गोलू एवं ओमपति ने कंठस्थ ज्ञान और व्याकरणिक निपुणता के बल पर कई पुरस्कार और स्थान प्राप्त किए।महाविद्यालय परिवार ने कहा कि इन सफलताओं ने न केवल संस्थान का मान बढ़ाया है, बल्कि अयोध्या नगरी की सांस्कृतिक और संस्कृत-शास्त्र परंपरा को भी प्रदेश स्तर पर प्रतिष्ठित किया है। महाविद्यालय और विप्र संजीवनी परिषद् गुरुकुल ने सभी विजयी विद्यार्थियों को साधुवाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





