गौ-आश्रय स्थलों, एलएसडी नियंत्रण एवं दुग्ध समितियों की समीक्षा।

SHARE:

प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने की गौ-आश्रय स्थलों, एलएसडी नियंत्रण एवं दुग्ध समितियों की समीक्षा।

अयोध्या। पशुपालन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत अयोध्या पहुंचे। सर्किट हाउस में आगमन पर उनका स्वागत मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया।
सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचकर प्रमुख सचिव ने अयोध्या मंडल के सभी जिलों के निराश्रित गोवंश संरक्षण, गौ-आश्रय स्थलों के संचालन, पराली संग्रहण, एलएसडी संक्रमण नियंत्रण तथा दुग्ध समितियों के गठन की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि निराश्रित गौवंश और गौ-आश्रय स्थलों से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही पर्याप्त पशु आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए भूसे की समय पर खरीद तथा मनरेगा के माध्यम से चारागाहों की बायोफेंसिंग कर हरे चारे का संरक्षण कराया जाए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि गौवंश विकास को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना रूप में तैयार किया जाए। इसके साथ ही बकरी पालन, भेड़ पालन, पोल्ट्री, मत्स्य पालन को आजीविका मिशन से जोड़कर प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।
अयोध्या में गौ-आश्रय स्थलों पर लगाए गए निगरानी कैमरों एवं मॉनीटरिंग सिस्टम की उन्होंने विशेष सराहना की और इसे प्रदेश स्तर पर लागू करने हेतु विस्तृत रूपरेखा भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने पशु चिकित्सालयों के जीर्णोद्धार, पशुधन ऐप पर टीकाकरण सूचना समय से अपलोड करने तथा विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया। बीमार व घायल पशुओं की सहायता हेतु हेल्पलाइन 1962 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए।
बैठक में बाराबंकी, अमेठी, अंबेडकरनगर, अयोध्या और सुल्तानपुर के मुख्य विकास अधिकारी, अपर निदेशक डॉ. ए.के. अवस्थी, डॉ. संजय श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. इन्द्रदेव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment