महर्षि वाल्मीकि जयंती एवं शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर अयोध्या में हुआ,अखिल भारतीय कवि सम्मेलन।
अयोध्या।
महर्षि वाल्मीकि जयंती एवं शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर “साहित्य एक संकल्प सेवा संस्थान” के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार, 07 अक्टूबर 2025 को हनुमत निवास, लक्ष्मण घाट, अयोध्याधाम में “अवध प्रभा – अखिल भारतीय कवि सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अयोध्या के महापौर महंथ गिरीशपति त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलन कर किया। कवयित्री ज्योति तिवारी की सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
यह आयोजन दो सत्रों में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र “युवा कवि सम्मेलन” का रहा, जिसका संचालन कवि कौशल पाण्डेय ‘नादान’ ने किया। इस सत्र में युवा कवि अमर हिंदुस्तानी, उज्ज्वल उजाला, रोहन निष्पक्ष, अंकिता पाण्डेय, ज्योति तिवारी, अनुराग श्रीवास्तव, राहुल तिवारी, निशी तिवारी और अनुराग श्रीवास्तव ने अपनी ओजपूर्ण एवं भावनात्मक रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
द्वितीय सत्र “मुख्य कवि सम्मेलन” के रूप में संपन्न हुआ, जिसका संचालन सुप्रसिद्ध कवि डा0 नीरज पाण्डेय ने किया। इस सत्र में आमंत्रित कविगण ज्ञान प्रकाश आकुल, डा0 चेतना पाण्डेय, नवल सुधांशु, अर्चना द्विवेदी एवं डॉ0 अनुजेंद्र तिवारी ने राम औरy राष्ट्रधर्मिता पर अपनी विविध विधाओं की रचनाओं से काव्यरस की अमृतवृष्टि कर श्रोताओं से वाहवाही ही नहीं बटोरी अपितु तालियों की गड़गड़ाहट से एक नई चेतना और जोश का संचार पैदा किया.
कार्यक्रम के अंत में संस्था की सचिव अपर्णा जायसवाल ने सभी आमंत्रित कवियों, अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। उन्होंने संस्था की कोर टीम के सभी सदस्यों — संस्थापक अभिषेक पाठक, अध्यक्ष ऋचा श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष कौशल पाण्डेय तथा सदस्य देवेश के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में अयोध्या की पावन धरती पर काव्य, संस्कृति और साहित्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। “अवध प्रभा” कवि सम्मेलन ने जहाँ युवा रचनाकारों को मंच प्रदान किया, वहीं वरिष्ठ कवियों की वाणी से जनमानस साहित्य-सागर में अवगाहित हुआ। यह आयोजन न केवल साहित्यिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि समाज में रचनात्मक चेतना के प्रसार का भी सशक्त माध्यम बना।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





