महिला पहलवानों ने दिखाया दमखम, सरायराशी कुश्ती दंगल का आगाज
पूरा बाजार । ग्राम सरायराशी में नवमी और दशमी पर पिछले पचास वर्षों से आयोजित होने वाले विराट कुश्ती दंगल की परंपरा इस वर्ष भी पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ निभाई गई। दो दिवसीय दंगल का शुभारंभ बुधवार को महिला कुश्ती से हुआ, जिसमें विभिन्न राज्यों से आईं महिला पहलवानों ने जोरदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रितु शाही, सदस्य उत्तर प्रदेश महिला आयोग ने किया। उन्होंने पहलवानों से हाथ मिलाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया और कहा कि भारत का कुश्ती से गहरा नाता रहा है। हमारे महान पहलवान गामा और दारा सिंह ने विश्व पटल पर देश का नाम रोशन किया, उसी परंपरा को नई पीढ़ी को आगे बढ़ाना है। दंगल के संरक्षक बृजभूषण शरण सिंह पूर्व सांसद गोंडा व राष्ट्रीय कुश्ती संघ अध्यक्ष मौजूद रहे। पहले दिन महिला पहलवानों के बीच हुए मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। शुरुआती कुश्ती में मानसी नंदिनी नगर ने किरण कानपुर को परास्त किया, जबकि लक्ष्मी वाराणसी और ज्योति कानपुर का मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। लगभग दो दर्जन महिला जोड़ों ने दमखम दिखाते हुए शानदार कुश्तियां लड़ीं और पुरस्कार प्राप्त किए। इस अवसर पर शिवेंद्र सिंह जिला अध्यक्ष प्रमुख संघ, भगवान भक्श सिंह सूर्यवंशी क्षत्रिय अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीण क्षेत्र की इस ऐतिहासिक परंपरा को बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।कार्यक्रम का संचालन प्रधान प्रतिनिधि रणधीर सिंह लल्ला व ग्राम प्रधान अनीता सिंह ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं दर्शकों का आभार जताया। दशहरा के दिन पुरुष पहलवानों के बीच होने वाले मुकाबलों का ग्रामीण बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





