आक्रोशित माली समाज और अन्य संगठनों ने आज पांच बत्ती चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया
कपासन
सोशल मीडिया पर विधायक को संबोधित वीडियो वायरल करने वाले युवक पर हुए जानलेवा हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित माली समाज और अन्य संगठनों ने आज पांच बत्ती चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
कपासन के पांचबत्ती चौराहे पर बड़ी संख्या में माली समाज के लोग और स्थानीय नागरिक एकत्र हुए।
उन्होंने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
आपको बता दें कि भोपालखेड़ा निवासी सुरज माली ने विधायक अर्जुन लाल जीनगर को संबोधित करते हुए बनास नदी से पानी लाने की मांग का वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला था।
15 सितंबर को जब वह घर लौट रहा था, तब गौराजी का निम्बाहेड़ा के पास नकाबपोश हमलावरों ने उस पर लाठी-सरियों से हमला कर उसके दोनों पैर तोड़ दिए।
धरना प्रदर्शन को माली समाज प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी, डॉ. ललित बोरीवाल, अशफाक तुर्किया, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष राजेश पुरोहित, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राधेश्याम वैष्णव सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने इस हमले के पीछे विधायक अर्जुन लाल जीनगर का षड्यंत्र होने का आरोप लगाया।
धरना प्रदर्शन के दौरान घायल सुरज माली की मां अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
इधर, आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरीता सिंह भी मौके पर पहुंचीं और आंदोलनकारियों से बातचीत कर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कपासन में यह मामला लगातार सियासी रंग लेता जा रहा है।
अब देखना होगा कि प्रशासन वास्तविक आरोपियों को कब तक गिरफ्तार करता है और पीड़ित को न्याय दिला पाता है या नही।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





