अयोध्या में फिल्मी रामलीला पर भड़की हिंदू महासभा,कलाकारों की गिरफ्तारी की मांग।
कहा- अमर्यादित आचरण और अशास्त्रीय विधि से किया जा रहा है पावन रामलीला का मजाक
अयोध्या।
पावन रामनगरी अयोध्या में फिल्मी कलाकारों द्वारा आयोजित की जा रही रामलीला पर अब विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। हिंदू महासभा ने इस आयोजन को धर्म और संस्कृति के खिलाफ बताया है और इसे तुरंत रोकने की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अधिवक्ता मनीष पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जिला प्रशासन को पत्र भेजकर फिल्मी रामलीला पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और कलाकारों की गिरफ्तारी की मांग की है।प्रवक्ता मनीष पांडेय ने आरोप लगाया कि सितंबर माह में प्रस्तावित फिल्मी रामलीला पूर्णतः अमर्यादित और अशास्त्रीय विधि से की जा रही है, जिसमें रामायण के पात्रों का उपहास और अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिल्मी डायलॉग और कॉमेडी के माध्यम से रामलीला का भोंडा प्रदर्शन किया जा रहा है, जो कि अयोध्या की पावन संस्कृति के विपरीत है।
रामलीला के नाम पर हो रही है अपसंस्कृति की खेती
हिंदू महासभा का कहना है कि अयोध्या जैसे धार्मिक नगरी में, जहां प्रभु श्रीराम का जन्म हुआ, वहां इस प्रकार का अमर्यादित आचरण असहनीय है। मनीष पांडेय ने कहा, यह केवल प्रभु श्रीराम का ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण रामचरितमानस और सनातन संस्कृति का अपमान है। फिल्मी कलाकार सस्ती लोकप्रियता के लिए इस तरह की नाटकीयता कर रहे हैं।
दूरदर्शन पर प्रसारण पर भी जताई आपत्ति
हिंदू महासभा ने दूरदर्शन पर फिल्मी रामलीला के प्रसारण पर भी प्रतिबंध की मांग की है। संगठन का तर्क है कि ऐसे आयोजन जनमानस में भ्रम पैदा कर रहे हैं और धार्मिक मूल्यों का क्षरण कर रहे हैं।फिल्मी कलाकारों पर लगाए गंभीर आरोप
प्रवक्ता मनीष पांडेय ने अपने पत्र में फिल्मी जगत के कई कलाकारों पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि कभी आमिर खान भगवान शिव का अपमान करते हैं, कभी लीना मणिमेकलई मां लक्ष्मी को सिगरेट पीते हुए दिखाती हैं, तो कभी अक्षय कुमार जैसे अभिनेता भगवान शिव को यौन शिक्षा का प्रतीक बना देते हैं। प्रभास को आगे करके भगवान राम का भी अपमान किया जा चुका है।उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्मी कलाकारों द्वारा रामलीला के आयोजन से पहले और दौरान मांस, मदिरा और धूम्रपान का सेवन किया जाता है, जो धर्म के मूल सिद्धांतों के पूर्णतः विरोधाभासी है। ऐसे में इन कलाकारों का पवित्र पात्रों का अभिनय करना धर्म का उपहास है।
सीएम योगी से की कड़ी कार्रवाई की मांग
हिंदू महासभा ने योगी सरकार से आग्रह किया है कि अयोध्या में होने वाली फिल्मी रामलीला पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और भविष्य में ऐसी किसी भी आयोजन को अनुमति न दी जाए जो रामायण के पात्रों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला हो।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





