अनादिकाल से चली आ रही है झूलन की परंपराः महंत राजीव लोचन शरण।
संजय यादव अयोध्या
झूलन में आज सज-धज के युगल सरकार बैठे हैं..। झूला झूलें अवधबिहारी संग जनकदुलारी..। प्यारी संग झूलत प्रीतम प्यारो.. यह बोल हैं प्रतिष्ठित पीठ सद्गुरु बधाई भवन में चल रहे श्रावण झूलन महोत्सव के। जहां युगल सरकार के झूलनोत्सव का आगाज हो चुका है। सद्गुरु बधाई भवन के वर्तमान पीठाधिपति शमहंत राजीव लोचन शरण महाराज के कुशल सानिध्य में प्रतिदिन युगल सरकार के झूलन महोत्सव की झांकी सज रही है। भगवान के झूलन झांकी का दर्शन कर साधु-संत, भक्तजन पुण्य के भागीदार बन रहे हैं। मठ में नित्य सायंकाल आरती-पूजन पश्चात युगल सरकार के झूलन की सुभव्य झांकी सज रही है, जिसका सिलसिला देररात्रि तक चल रहा है। अयोध्या समेत अन्य जगहों से पधारे गायक एवं कत्थक कलाकार विभिन्न-विभिन्न झूलन गीतों से झूलनोत्सव की शोभा बढ़ा रहे हैं। कलाकारों द्वारा झूलन महोत्सव में चार-चांद लगाया जा रहा है। वह उत्सव की महफिल भी सजा रहे हैं। इससे साधु-संत, श्रोता एवं भक्तगण मंत्रमुग्ध होकर खुशी से झूमने को आतुर हैं। पूरा बधाई भवन का प्रांगण झूलनोत्सव के उल्लास में डूबा हुआ है। जहां श्रद्धा और गीत-संगीत की वैतरणी बह रही है। चारों ओर हर्षोल्लास का वातावरण छाया हुआ है। जिसमें रमकर भक्तजन आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। वेदमंदिर के पीठाधीश्वर महंत राजीव लोचन शरण महाराज द्वारा कलाकारों को न्यौछावर भी भेंट किया जा रहा है। इस अवसर पर महंत राजीव लोचन शरण महाराज ने कहा कि मठ में युगल सरकार का
झूलनोत्सव धीरे-धीरे अपने चरम पर पहुंच रहा है। मंदिर में झूलनोत्सव का कार्यक्रम श्रावण शुक्ल पूर्णिमा यानी रक्षाबंधन तक चलेगा। उसके बाद प्रतिपदा तिथि लगने के साथ ही झूलन महोत्सव का समापन हो जायेगा। युगल सरकार के झूलन की झांकी अजब है, जिसका दर्शन करने से अपार पुण्य प्राप्ति होती है। युगल सरकार के झूलनोत्सव की परंपरा अनादिकाल से चली आ रही है। भगवान श्रीराम और सीता ने सर्वप्रथम हरियाली तीज के दिन मणिपर्वत पर झूला झूला था। तब से झूलनोत्सव की परंपरा चली आ रही है, जिसका निर्वाहन हम आज भी कर रहे हैं और अपने ठाकुरजी को झूले पर पधराकर झूला झुला रहे हैं। इस मौके पर भाजपा नेता विकास सिंह, नारायण मिश्रा हनुमानगढ़ बंद कृष्ण दास उत्कर्ष मिश्रा आलोक मिश्रा महंत रवि शंकर शरण, समेत अन्य साधु-संत व भक्तजन मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





