अधिकारी व नेता कभी भी इस सड़क को देखने नहीं आते हैं।

SHARE:

स्वर्ग से सुंदर त्रेतायुग की स्मार्ट सिटी बन चुकी अयोध्या नगरी के हनुमान कुंड वार्ड की इस सड़क की दुर्दशा मात्र एक नमूना भर है, यहां अधिकारी व नेता कभी भी इस सड़क को देखने नहीं आते हैं।

संजय यादव,अयोध्या।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की ड्रीम प्रोजेक्ट अयोध्या नगरी को त्रेतायुग की अयोध्या बनाने की चल रही मुहिम में अरबो रुपए विभिन्न कार्यों में अलग-अलग विभागों द्वारा खर्च किए जा चुके लेकिन यहां की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जो जरूरी कार्य हैं वह नगर निगम, विकास प्राधिकरण, जल निगम, लोक निर्माण विभाग तथा पर्यटन विभाग द्वारा नहीं कराये जा रहे हैं परिणाम स्वरूप अयोध्या नगरी के विभिन्न क्षेत्रों में जल भराव, वाटर लीकेज, मार्ग प्रकाश का अभाव, गढ्ढों में सड़कें जैसी समस्याएं बरकरार हैं‌। विधायक महापौर व भाजपा के नेतागण सोशल मीडिया और फेसबुक पर रोज अपने अपने को हाइलाइट किये रहते हैं लेकिन जिन इलाकों की सड़कों पर घुटने- घुटने तक गन्दा पानी हमेशा भरा रहता है,जहां की सड़क गड्ढों में परिवर्तित हो चुकी हैं,जहां सीवर लाइन उफना कर कॉलोनी की सड़कों पर गन्दा पानी बह रहा है,जिन क्षेत्रों में मार्ग प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है, ऐसे क्षेत्रों में वे जाने की योजना नहीं बनाते हैं यदि उनके पास फोटो सहित मैसेज भी भेजे जाते हैं तो उन्हें भी नजरअंदाज कर दे रहे हैं। नगर निगम मैं आईएएस,पीसीएस अधिकारी और इंजीनियर कई दर्जनों की संख्या में भरे हुए हैं लेकिन वे अयोध्या शहर का भ्रमण करने में रुचि नहीं ले रहे हैं स्वयं मौके पर न जाकर अपने मातहत कर्मचारियों से काम चलाऊ व्यवस्था करा रहे हैं ।यह चित्र अयोध्या नगरी के प्रसिद्ध हनुमान कुंड वार्ड में स्थित स्वर्णखानि कुंड से मात्र 10 मीटर की दूरी पर प्रसिद्ध बड़ी छावनी मन्दिर के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने से होकर रविदास मंदिर को आने वाली सड़क के हैं जहां सालों साल गंदा मलमूत्र व कचड़ा सहित युक्त पानी घुटने-घुटने तक भरा रहता है‌। यहां पार्षद की सिफारिश पर चार-पाँच डेकोरेटेड लाइट के पोल लगा दिए गए हैं, अंडरग्राउंड बिजली केविल डाली जा चुकी है लेकिन इस सड़क पर अब तक सीवर लाइन नहीं पड़ी। आजकल यह रास्ता लोगों के लिए शॉर्टकट पड़ता है इसी गंदे पानी में से होकर लोगों को आना-जाना पड़ता है लगभग 2 महीने पूर्व अयोध्या नागरिक मंच के संयोजक पत्रकार एस एन बागी द्वारा नगर निगम व जल निगम के अधिकारियों को चित्र सहित मैसेज भेजकर अवगत कराने के बाद नगर निगम थोड़ा सक्रिय हुआ और उसने बरगद के पेड़ के पास एक सीवर चैंबर बनाने का काम शुरू किया है जिसके लिए गंदगी व कचरा नगर निगम के सफाई कर्मचारी आज हटा रहे थे। मैंने अपने साथी डा0 आनंद उपाध्याय के साथ मौके का निरीक्षण किया और सहायक अभियंता जल निगम से बात की तो उन्होंने बताया की नगर में विभिन्न स्थान पर सीवर लाइन डालने के लिए टेंडर की फाइल शासन को भेजी गई है वहां से स्वीकृति मिलते ही सीवर लाइन डालने का काम शुरू कराया जाएगा जिसमें यह शेष सड़क भी शामिल है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद इस पर भी सीवर लाइन डलवा दी जाएगी। फिलहाल आज तक महापौर, विधायक,नगर निगम के नगर आयुक्त व सहायक नगर आयुक्त सहित अन्य किसी भी अधिकारी ने मौके पर जाकर इस सड़क की दुर्दशा देखने का प्रयास नहीं किया। यह सड़क अयोध्या नगरी की आंतरिक दुर्व्यवस्था का एक नमूना मात्र है इसी तरह रानोपाली साकेत देरी के पास स्थित राघव विहार कॉलोनी का है जहां सीवर लाइन चोक है जिससे उफना कर गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है लेकिन तोशीबा कंपनी व राम पथ निर्माण करने वाली पी0 डबल्यू डी0 के बीच एक दूसरे पर दोषारोपण किया जा रहा है और समस्या का निराकरण नगर निगम द्वारा नहीं कराया गया। इसी प्रकार से विभिन्न क्षेत्रों में समस्याएं हैं महापौर जी को स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करना चाहिए जिससे जल भराव व अन्य समस्याओं से लोगों को मुक्ति मिल सके।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment