अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेस का विरोध, आंदोलन की चेतावनी।
संजय यादव,अयोध्या।
भीषण गर्मी और लगातार हो रही अघोषित एवं अनियमित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गहरा आक्रोश जताया है। जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा रहे तापमान में बिजली की बार-बार कटौती से आम जनता का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे न केवल छात्रों की पढ़ाई और व्यापारियों का काम बाधित हो रहा है, बल्कि अस्पतालों, वृद्धजनों और छोटे बच्चों के लिए हालात गंभीर होते जा रहे हैं।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने विद्युत आपूर्ति में लगातार लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मरों के बार-बार जलने और शिकायतों पर समय से कार्रवाई न होने को लेकर बिजली विभाग पर असंवेदनशील और लापरवाह होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति जनता के धैर्य की परीक्षा ले रही है और शासन-प्रशासन की जिम्मेदारियों पर भी सवाल खड़ा कर रही है।कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए, समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाए।पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह और रामदास वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





