जनपद में आमजन व श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता :जिलाधिकारी अयोध्या

SHARE:

जनपद में आमजन व श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे
कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से की प्रेसवार्ता

संजय यादव,अयोध्या।

जनपद अयोध्या के नवागत जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कलेक्ट्रेट सभागार में पहली बार पत्रकारों से रूबरू होते हुए अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने कल देर शाम औपचारिक रूप से जनपद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वे चंदौली सहित विभिन्न जनपदों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें अयोध्या जैसी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरी की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जो उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अयोध्या को एक विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत चल रही विभिन्न परियोजनाओं एवं योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन और श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करेंगे और समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। जिले में चल रही परियोजनाओं का वे स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे और समय-समय पर बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते रहेंगे।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी शिकायतें संबंधित विभाग के कार्यालयों या विभिन्न सरकारी पोर्टलों पर दर्ज कराएं, जिनका समयबद्ध समाधान किया जाएगा।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अशोक कुमार, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं सूचना विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment