चितौडगढ,नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट
आसावरा माता मंदिर में पार्किंग व्यवस्था का अभाव, श्रद्धालु परेशान
ग्राम पंचायत की खाली जमीन पर अतिक्रमण के आरोप, प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
आसावरा। भदेसर उपखंड क्षेत्र के प्रमुख शक्तिपीठ आसावरा माता मंदिर में नवरात्रि मेले के दौरान दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कई श्रद्धालु अपने चारपहिया वाहनों से मंदिर आते हैं, लेकिन व्यवस्थित पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर के आसपास वाहनों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। मेले के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
ग्राम पंचायत की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्राम पंचायत की खाली पड़ी जमीन पर कुछ दुकानदारों द्वारा कब्जा किए जाने के कारण पार्किंग के लिए उपलब्ध स्थान प्रभावित हो रहा है। वहीं, कुछ श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि प्रसाद खरीदने पर ही कुछ स्थानों पर वाहन खड़ा करने दिया जाता है। यदि ये आरोप सही हैं, तो यह श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक स्थल की व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
आसावरा माता मंदिर में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान होना पड़े, यह उचित नहीं है। श्रद्धालुओं को स्थानीय दुकानदारों के सामने असहज स्थिति का सामना करना पड़ने की शिकायतों पर भी प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
ग्राम पंचायत एवं प्रशासन से मांग है कि पंचायत की जमीन का सीमांकन करवाकर अतिक्रमण की जांच की जाए, पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान निर्धारित किया जाए तथा वाहन पार्किंग एवं प्रसाद बिक्री की व्यवस्था को स्पष्ट और व्यवस्थित बनाया जाए।
आस्था के इस प्रमुख केंद्र पर श्रद्धालुओं को सुविधा देना प्राथमिकता होनी चाहिए। अब देखना यह है कि संबंधित प्रशासन इस समस्या का समाधान कर श्रद्धालुओं को राहत कब दिलाता है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





