चितौडगढ ,नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट
आसावरा माता शक्तिपीठ पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना, दस दिवसीय नवरात्रि मेले का शुभारंभ
आसावरा। भदेसर उपखंड क्षेत्र के प्रमुख शक्तिपीठ एवं संपूर्ण मेवाड़ के श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र आसावरा माता मंदिर में रविवार, 11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रि संवत 2083 का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना कर किया गया। घट स्थापना के साथ ही मंदिर परिसर में दस दिवसीय नवरात्रि मेले का आगाज हुआ। प्रथम दिन से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
मंदिर में प्रातः 8 बजकर 25 मिनट से 10 बजकर 15 मिनट तक निर्धारित शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से घट स्थापना की गई। स्थापना कार्यक्रम में एकलिंगजी नाथ ट्रस्ट के आसावरा माता मंदिर मुंतजिम भंवर सिंह शक्तावत, सीनियर सुपरवाइजर अर्जुन सिंह राव, मंदिर समन्वयक नरेंद्र सिंह, मुख्य पुजारी मदनपुरी गोस्वामी एवं पंडित आशीष आचार्य ने भाग लिया। पूजा-अर्चना के साथ ही नवरात्रि पर्व का विधिवत शुभारंभ हुआ।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं
मंदिर समन्वयक नरेंद्र सिंह ने बताया कि नवरात्रि मेले को लेकर एकलिंगजी नाथ ट्रस्ट की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। ग्राम पंचायत ने भी प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। मंदिर परिसर एवं मेला स्थल पर छाया, पेयजल, बैरिकेडिंग और टेंट की व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में अस्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की गई है। वहीं, यात्रियों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जाट धर्मशाला परिसर में अस्थायी चिकित्सा चौकी भी बनाई गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया मेला स्थल का निरीक्षण
नवरात्रि पर्व एवं मेले की व्यवस्थाओं को लेकर भदेसर उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, भदेसर तहसीलदार शिव सिंह शेखावत, भदेसर थाना अधिकारी विनोद मेनारिया तथा भदेसर पुलिस उपाधीक्षक विनोद लखेरा ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाएं सुचारू बनी रहें।
मेवाड़ के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है आसावरा माता मंदिर
आसावरा माता शक्तिपीठ भदेसर उपखंड ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मेवाड़ क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में विशेष स्थान रखता है। नवरात्रि के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन कर चरणों में शीश नवाते हैं तथा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं। मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु मंदिर में प्रसादी एवं अन्य धार्मिक आयोजन भी करते हैं।
दस दिवसीय नवरात्रि मेले के दौरान मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान एवं दर्शन का क्रम जारी रहेगा। ट्रस्ट, ग्राम पंचायत एवं प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432




