रायगंज में चला सिंघम स्टाइल अतिक्रमण अभियान,
चौकी इंचार्ज राणा दिग्विजय सिंह ने सड़क पर उतारकर दी दो टूक चेतावनी।
अयोध्या।
कोतवाली अयोध्या क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए रायगंज चौकी इंचार्ज राणा दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर अपने तेवर और कार्य के प्रति वफादारी का परिचय दिया। श्रीराम हॉस्पिटल के सामने रेलवे स्टेशन रोड पर सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाने और वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर सख्त चेतावनी दी।
अभियान के दौरान चौकी इंचार्ज राणा दिग्विजय सिंह खुद मौके पर पहुंचे और सड़क पर कब्जा जमाए ई-रिक्शा चालकों, ठेला-खोमचा संचालकों तथा कुलचे आदि की दुकान लगाने वालों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क किसी की निजी जागीर नहीं है। सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों को दो टूक कहा गया कि दोबारा अतिक्रमण मिला तो सिर्फ चेतावनी नहीं, बल्कि नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चौकी इंचार्ज का सख्त अंदाज देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति रही। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए यातायात में बाधा पैदा करने वाले लोगों को मौके से हटाया और सड़क को सुचारु बनाए रखने का संदेश दिया।
राणा दिग्विजय सिंह की कार्यशैली में जहां अनुशासन और कानून के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई दी, वहीं उनका मौके पर पहुंचकर खुद कार्रवाई की निगरानी करना भी चर्चा का विषय रहा। स्थानीय लोगों के बीच पुलिस के इस अभियान को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन रोड पर अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े ई-रिक्शों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में पुलिस की सख्ती से राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अब सवाल सिर्फ इतना है कि क्या यह सख्ती आगे भी लगातार जारी रहेगी? अगर रायगंज चौकी पुलिस इसी तरह अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखती है तो रेलवे स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था को काफी हद तक बेहतर किया जा सकता है।
रायगंज चौकी इंचार्ज राणा दिग्विजय सिंह का संदेश साफ है—सड़क पर अतिक्रमण नहीं, नियमों का पालन होगा।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





