अधिवक्ता से मारपीट और धमकी का मामला,बार एसोसिएशन ने उठाई गिरफ्तारी की मांग।

SHARE:

चित्तौडगढ से नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट

चित्तौड़गढ़ में अधिवक्ता से मारपीट और धमकी का मामला,
बार एसोसिएशन ने उठाई गिरफ्तारी की मांग


चित्तौड़गढ़। अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट, कार्यालय में तोड़फोड़ और पिस्टल दिखाकर धमकी देने के मामले में चित्तौड़गढ़ बार एसोसिएशन ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बार एसोसिएशन की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक, चित्तौड़गढ़ को दिए गए ज्ञापन के अनुसार, घटना 18 अगस्त 2026 की बताई गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि गांधी नगर, सेक्टर नंबर-5 स्थित अधिवक्ता के कार्यालय में वे अपने पक्षकारों के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब दो बजे कुछ लोग चार गाड़ियों में वहां पहुंचे और कार्यालय में घुसकर पक्षकारों के साथ कथित मारपीट की।

ज्ञापन के मुताबिक, आरोपियों ने अधिवक्ता के कार्यालय में तोड़फोड़ की और लैपटॉप तथा कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर एक व्यक्ति द्वारा कार से उतरकर पिस्टल दिखाने और अधिवक्ता को गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले में पुलिस थाना कोतवाली, चित्तौड़गढ़ में प्रथम सूचना रिपोर्ट संख्या 349/2026 दर्ज होने का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 333, 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज होने की बात कही गई है।

बार एसोसिएशन का आरोप है कि घटना के दो दिन बाद भी मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एसोसिएशन ने इसे अधिवक्ता समुदाय की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और ठोस कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो संस्था द्वारा राज्य सरकार और उच्च अधिकारियों के समक्ष आंदोलन एवं अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा।

अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई करती है। बार संघ एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश शर्मा की बाइट

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment