पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष,दो की मौत अन्य घायल।

SHARE:

चित्तौड़गढ़ से नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट

चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के सुवाणियां गांव में सोमवार रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान पति ने अपनी पहली पत्नी पर बंदूक से फायर कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मां को गोली लगने से आक्रोशित पुत्र ने अपने पिता पर लाठियों से हमला कर दिया। सिर पर लगातार वार किए जाने से पिता की भी मौके पर मौत हो गई। इस दौरान मृतक की तीसरी पत्नी भी हमले में गंभीर घायल हो गई, जिसे चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है।

पुलिस उप अधीक्षक उदयसिंह वारदात ने बताया की सुवाणियां गांव में नदी किनारे स्थित एक खेत पर हुई। चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के भैरूसिंहजी का खेड़ा निवासी भगवाना कालबेलिया कुछ समय से

अपनी तीसरी पत्नी तारा के साथ सुवाणियां स्थित खेत पर रह रहा था। सोमवार रात करीब 9 बजे भगवाना, उसकी तीसरी पत्नी तारा और दो-तीन अन्य लोग खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान भगवाना की पहली पत्नी भोमली, दूसरी पत्नी लाडू और पहली पत्नी का पुत्र अनिल वहां पहुंचे।

भैरूसिंहजी का खेड़ा गांव वापस चलने की बात को लेकर परिवार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर भगवाना ने कथित रूप से पास रखी बंदूक से फायर कर दिया। गोली उसकी पहली पत्नी भोमली के पेट में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मां को गोली लगने के बाद पुत्र अनिल ने गुस्से में आकर लाठी से अपने पिता भगवाना पर हमला कर दिया। सिर पर किए गए लगातार वार से भगवाना गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी भी मौत हो गई। इसी दौरान अनिल ने अपने पिता की तीसरी पत्नी तारा पर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गंगरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। घायल तारा को जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया।

पुलिस उप अधीक्षक उदयसिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी सामने आ रही है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया है। टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र करेगी। वारदात के बाद से ही मौके पर पुलिस जाप्ता तैनात है। पुलिस आसपास के लोगों और मृतकों के परिजनों से पूछताछ कर घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि भगवाना मूल रूप से भैरूसिंहजी का खेड़ा गांव का रहने वाला था। उसकी दो पत्नियां पहले से ही वहीं रहती थीं, जबकि पिछले कुछ समय से वह अपनी तीसरी पत्नी तारा के साथ सुवाणियां गांव स्थित खेत पर रह रहा था। यहां वह फसल और मवेशियों की रखवाली करता था। इसी खेत पर सोमवार रात पारिवारिक विवाद के बाद दो लोगों की जान चली गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment