चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर भादसोड़ा चौराहा ब्रिज के पास सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां खड़े एक ट्रेलर में अनियंत्रित बाइक घुसने से बाइक सवार 26 वर्षीय युवक जसवंत भील की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा जिले के इरास निवासी जसवंत भील (पिता अंबालाल भील) चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर जा रहे थे। उनकी बाइक की गति इतनी तेज थी कि वह नेशनल हाईवे पर प्राकट्य स्थल सांवलियाजी मंदिर के सामने ब्रिज पर खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी और अंदर फंस गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने तुरंत भादसोड़ा थाने को सूचना दी। भादसोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादसोड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडफिया मोर्चरी में रखवाया गया है।
थाने के एसआई अमीचंद ने बताया कि परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मृतक की पहचान उसके आधार कार्ड से की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके से बाइक और ट्रेलर को हटाकर यातायात सुचारु किया गया।
इस हादसे ने नेशनल हाईवे पर खड़े वाहनों की समस्या को फिर उजागर किया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा सिक्स लेन पर खड़े वाहनों को नहीं हटाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं, खासकर ‘डेथ जोन’ पर। प्रशासन को इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान देने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने की आवश्यकता है ताकि ऐसी घटनाओं को कैसे रोका जा सके।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





